Advertisement
04 December 2021

कर्नाटक और गुजरात के बाद अब महाराष्ट्र में मिला ओमिक्रोन वेरिएंट का मामला, देश मे अब तक चार संक्रमित

FILE PHOTO

कर्नाटक-गुजरात के बाद महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी कोरोना वायरस के ओमिक्रोन वेरिएंट ने दस्तक दे दी है। विदेश से मुंबई के पास कल्याण डोंबिवली इलाके में आए शख्स के ओमिक्रोन वेरिएंट से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इस बात की जानकारी महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के निदेशक ने दी है। ओमिक्रोन वेरिएंट से संक्रमित होने वाले शख्स की उम्र 33 साल है। वो शख्स साउथ अफ्रीका गया था और फिर दुबई से होते हुए भारत आया।

महाराष्ट्र में ये ओमिक्रोन वेरिएंट का पहला मामला है, जबकि देश में अब तक चार मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इससे पहले शनिवार को ही गुजरात में भी एक 72 साल का बुज़ुर्ग ओमिक्रोन वेरिएंट से संक्रमित पाया गया है। जिम्बाब्वे से लौटा गुजरात के जामनगर शहर का 72 वर्षीय एक व्यक्ति कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमिक्रोन से संक्रमित पाया गया है। जिम्बाब्वे अधिक जोखिम वाले देशों की श्रेणी में शामिल है। गुजरात के स्वास्थ्य आयुक्त जयप्रकाश शिवहरे ने पुष्टि की कि जामनगर शहर का संबंधित व्यक्ति कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमिक्रोन से संक्रमित पाया गया है। यह व्यक्ति 28 नवंबर को जिम्बाब्वे से गुजरात आया था और दो दिसंबर को कोरोना वायरस से संक्रमित मिला था।

कर्नाटक में नए वैरिएंट को लेकर गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया था कि कोरोना के नए वैरिएंट के दो केस कर्नाटक में मिले हैं। दोनों मरीज 66 और 46 साल के हैं। दोनों में हल्के लक्षण थे। इन मरीजों के संपर्क में आए सभी लोगों की पहचान कर ली गई थी। कर्नाटक में नया वैरिएंट मिलने के बाद राज्य सरकार सतर्कता बरत रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Karnataka, Gujarat, Omicron, Maharashtra; ओमिक्रोन, महाराष्ट्र
OUTLOOK 04 December, 2021
Advertisement