Advertisement
31 May 2025

बढ़ते कोरोना मामलों के बीच दिल्ली में पहली मौत, अस्पताल में भर्ती थी महिला

देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) एक बार फिर तेजी से पांव पसार रहा है। देश के कई बड़े शहरों और राज्यों में नए मामलों की संख्या बढ़ रही है, साथ ही मौतों का आंकड़ा भी चिंता बढ़ाने लगा है। राजधानी दिल्ली में शनिवार को कोविड-19 से पहली मौत की पुष्टि हुई है। 60 वर्षीय महिला जो पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं, उनका कोरोना से निधन हुआ है। इस घटना ने लोगों के बीच डर और सावधानी का माहौल पैदा कर दिया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के कोविड-19 डैशबोर्ड के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दिल्ली में कोविड-19 से एक व्यक्ति की मौत हुई है। यह इस साल राजधानी में कोविड-19 से हुई दूसरी मौत है। मृतक महिला को पेट की सर्जरी के बाद आंतों की समस्या थी और वह कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई थीं। डैशबोर्ड के मुताबिक, 30 मई तक दिल्ली में कुल 294 नए कोविड मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें से अकेले शुक्रवार को 77 नए मरीज मिले।

दिल्ली के साथ-साथ देश के कई अन्य हिस्सों में भी कोविड के मामलों में तेजी देखी जा रही है। खासतौर पर केरल, महाराष्ट्र, गुजरात और तमिलनाडु से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि ज्यादातर मामलों में लक्षण हल्के हैं और गंभीर बीमारी या मौत का जोखिम कम है।

 
अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: corona cases, Covid-19, first death in Delhi, woman admitted in hospital
OUTLOOK 31 May, 2025
Advertisement