Advertisement
01 August 2019

उन्नाव मामला: सेंगर के निष्कासन पर प्रियंका का ट्वीट, भाजपा ने अपराधी का साथ दिया

उन्नाव बलात्कार कांड के आरोपी विधायक कुलदीप सेंगर को भाजपा से निष्कासित किए जाने के बाद कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा ने आखिर मान लिया कि उसने  एक अपराधी का साथ दिया और अपनी गलती सुधारने के लिए कदम उठाया।

आखिर भाजपा ने अपनी गलती सुधारी

अवयस्क लड़की के साथ बलात्कार के आरोप में जेल में बंद विधायक द्वारा उसके परिवार को धमकियां दिए जाने के बाद चौतरफा आलोचना होने के बाद भाजपा ने उसे पार्टी से निकाल दिया। प्रियंका ने ट्वीट करके कहा कि भाजपा ने मान लिया कि उसने एक अपराधी का साथ दिया। अब भाजपा ने अपनी गलती सुधारने के लिए कदम उठाया है। सेंगर और उसके साथियों की ओर से धमकियां झेल रही लड़की को अब न्याय मिल सकेगा।


ट्रक ने रौंद दिया था पीड़ित के परिवार को

रायबरेली में रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर ने उस कार को रौंद दिया था जिसमें पीड़ित लड़की परिवारी जनों के साथ यात्रा कर रही थी। इस टक्कर में उसके परिवार की दो महिलाओं की मौत हो गई और खुद वह लड़की बुरी तरह घायल हो गई। माना जा रहा है कि यह दुर्घटना नहीं थी बल्कि धमकियों के अनुसार पीड़ित लड़की को मारने का प्रयास था। इसके बाद भाजपा की कड़ी आलोचना और विरोध होने के बाद चार बार से विधायक चुने गए सेंगर को पार्टी से निकालने का ऐलान किया गया। लड़की के परिवार ने भी आरोप लगाया कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि उसे मारने का प्रयास था।

सुप्रीम कोर्ट का आभार जताया

गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने इस बलात्कार से जुड़े सभी पांच मामले उत्तर प्रदेश से दिल्ली ट्रांसफर कर दिए और लड़की को 25 लाख रुपये मुआवजा देने का उत्तर प्रदेश सरकार को आदेश दिया। प्रियंका गांधी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर ट्वीट में कहा कि उत्तर प्रदेश में जारी जंगल राज का सुप्रीम कोर्ट ने खुद संज्ञान लिया। वह इसके लिए सुप्रीम कोर्ट की आभारी हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Unnao rape case, Kuldeep Sengar, BJP, Congress
OUTLOOK 01 August, 2019
Advertisement