Advertisement
20 October 2018

निकाय चुनाव: आतंक प्रभावित दक्षिण कश्मीर के चार जिलों में भाजपा की जीत

File Photo

जम्मू-कश्मीर के स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को इस बार घाटी में अप्रत्याशित जीत मिली है। घाटी में हुए निकाय चुनाव के दौरान भाजपा ने दक्षिण कश्मीर के चार जिलों में क्लीन स्वीप किया है। कश्मीर के आतंक प्रभावित शोपियां, कुलगाम, पुलवामा और अनंतनाग जिलों में भाजपा ने निकाय की सीट पर जीत हासिल की है, जिससे स्थानीय स्तर पर इन जिलों में भाजपा को एक संजीवनी मिल गई है।

शनिवार को घोषित किए जा रहे निकाय चुनाव परिणाम में भाजपा को अब तक शोपियां के 12 वॉर्डों में विजय मिली है, जबकि 5 वॉर्ड में नामांकन ना होने के कारण किसी भी प्रत्याशी का चयन नहीं हो सका है। इसके अलावा काजीगुंड नगर निकाय के चुनाव में भाजपा ने 7 में से चार सीट जीतकर बहुमत हासिल किया है। साथ साथ पहलगाम नगर निकाय की 13 में से 7 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत हुई है। पहलगाम की शेष 6 सीटों पर कोई नामांकन ना होने के कारण यहां के प्रतिनिधियों का चुनाव नहीं हो सका है।

गुलाम नबी के गढ़ में कांग्रेस का कब्जा

Advertisement

भाजपा के अलावा कांग्रेस पार्टी ने भी दक्षिण कश्मीर और मध्य कश्मीर के कई वॉर्ड में जीत हासिल की है। कांग्रेस पार्टी को अनंतनाग के डोरू में निकाय की 17 सीटों में से 14 पर विजय मिली है। यहां निकाय की दो सीटों पर बीजेपी ने कब्जा जमाया है जबकि एक अन्य सीट पर नामांकन ना होने के कारण प्रत्याशी का चयन नहीं हो सका है। डोरू के जिस इलाके में कांग्रेस को यह जीत मिली है, उसे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गुलाम अहमद मीर का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। मीर के इलाके के अलावा कांग्रेस को राज्य के पूर्व सीएम गुलाम नबी आजाद के जिले बडगाम में भी निकाय की कई सीटों पर जीत मिली है। बडगाम की 13 निकाय सीटों में कांग्रेस को 6 और भाजपा को चार सीट पर विजय मिली है।

आखिरी चरण में सिर्फ 4 परसेंट वोटिंग

जम्मू-कश्मीर में इस बार 13 वर्ष बाद स्थानीय निकाय चुनाव संपन्न कराए गए थे। चार चरणों में हुए चुनाव के लिए आखिरी चरण की वोटिंग 16 अक्टूबर को संपन्न हुई थी, जहां घाटी में सिर्फ 4.2 फीसदी लोगों ने ही अपने वोट डाले थे। इससे पूर्व आठ अक्टूबर को पहले चरण में 83 वार्डों के लिए 8.3 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं 10 अक्टूबर को हुए दूसरे चरण में 3.4 प्रतिशत और 13 अक्टूबर को हुए तीसरे चरण के नगर निकाय चुनाव में भी महज 3.49 प्रतिशत वोटिंग हुई थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP, south kashmir, jammu kashmir local body election
OUTLOOK 20 October, 2018
Advertisement