Advertisement
22 July 2018

बसपा में बड़ा फेरबदल, राजस्थान, एमपी और छत्तीसगढ़ के प्रभारी बदले

File Photo

बसपा सुप्रीमो मायावती ने दिल्ली में नेताओं की बैठक में कई बड़े फेरबदल का ऐलान किया है। वीर सिंह को राष्ट्रीय महासचिव के पद से हटा दिया गया है। साथ ही रामजी लाल गौतम को पार्टी का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है।

बसपा में अध्यक्ष के बाद उपाध्यक्ष ही सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। लखीमपुर के रहने वाले गौतम अब तक आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का काम देख रहे थे। जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, वहां भी बसपा सुप्रीमो ने कई उलटफेर कर दिए हैं। मध्य प्रदेश में बसपा अब कांग्रेस से चुनावी गठबंधन की तरफ बढ़ रही है। इसीलिए उन्होंने रामअचल राजभर को हटा कर अशोक सिद्धार्थ को पार्टी का नया प्रभारी बनाया है। राज्य सभा सांसद अशोक की गिनती मायावती के भरोसेमंद नेताओं में होती है। वह कर्नाटक और केरल के भी प्रभारी हैं।

कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में जेडीएस से गठबंधन में भी उनका अहम रोल था। उन्हें छत्तीसगढ़ का भी प्रभारी बनाया गया है। लालजी वर्मा और अंबिका चौधरी को उनकी मदद करने को कहा गया है। छत्तीसगढ़ में बसपा ने पूर्व सीएम अजीत जोगी की पार्टी के साथ गठबंधन किया है। पूर्व राज्यसभा सांसद मुनकाद अली को राजस्थान का प्रभारी बनाया है। अब तक धर्मवीर अशोक यह काम देख रहे थे। मुनकाद को यूपी के अलीगढ़ और आगरा मंडल का भी कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। अतर सिंह राव को हरियाणा और पंजाब के प्रभारी की ज़िम्मेदारी दी गई है। दिनेश चंद्र को बिहार में पार्टी का नया प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा अब पार्टी में सतीश चंद्र मिश्र और मुनकाद अली ही राष्ट्रीय महासचिव रह गए हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BSP, rajasthan, madhya pradesh, chhattisgarh
OUTLOOK 22 July, 2018
Advertisement