Advertisement
19 December 2019

CAA के विरोध में मुंबई में प्रदर्शन, फिल्मी सितारों से लेकर राजनीतिक पार्टियों का मिला समर्थन

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ देश के विभिन्न शहरों में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। दिल्ली, असम, बंगाल, बिहार के बाद गुरुवार को महाराष्ट्र में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। मुंबई के ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान में आयोजित इस प्रदर्शन के समर्थन में फिल्मी सितारों से लेकर राजनीतिक पार्टियां तक उतर आईं। समझा जाता है कि कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) तथा अन्य पार्टियां का भी इसे समर्थन प्राप्त है।

यह वहीं अगस्त क्रांति मैदान में था, जहां पर 1942 में महात्मा गांधी ने तत्कालीन ब्रिटिश शासकों को भारत छोड़ने के लिए कहा था। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा, 'तानाशाही नहीं चलेगी।’

'बंद करो विभाजन'

Advertisement

शहर के विभिन्न हिस्सों के हजारों छात्र, विभिन्न समुदायों के सदस्य और राजनीतिक दल हाथों में तख्तियां, बैनर और हैंडबिल लेकर मैदान की ओर मार्च करते हुए देखे गए। कुछ तख्तियों पर लिखा है "हिंदू-मुस्लिम एक हैं, मोदी शाह फर्जी हैं," सब ताज उछाले जायेंगे, सब तख्त गिराए जाएंगे, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़े है और भारत को विभाजित करना बंद करो।"

ये फिल्मी हस्तियां प्रकट कर चुकी हैं एकजुटता

इससे पहले फरहान अख्तर ने ट्वीट किया, ‘यहां आपको जानने की जरूरत है कि ये प्रदर्शन क्यों जरूरी हैं, आप सभी से 19 तारीख को क्रांति मैदान, मुंबई में मिलते हैं। सिर्फ सोशल मीडिया पर विरोध करने का समय अब खत्म हो चुका है’। फरहान के साथ-साथ अभिनेता जावेद जाफरी ने भी ट्वीट कर एक पोस्ट की, जिसमें उन्होंने लोगों से अगस्त क्रांति मैदान आने का अनुरोध किया। स्वरा भास्कर, ऋचा चड्ढा, जीशान अयूब, सयानी गुप्ता, रेणुका श्हाणे और हुमा कुरैशी जैसे कई कलाकार नागरिकता संशोधन कानून पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसके अलावा बॉलीवुड कलाकारों ने बीते रविवार से जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रों के साथ पुलिस की बर्बरता पर भी ट्वीट किया।

गीतकार जावेद अख्तर, अभिनेता जीशान अयूब, परिणीति चोपड़ा, सिद्धार्थ मल्होत्रा, फिल्म निर्माता विशाल भारद्वाज और अनुराग कश्यप समेत कई कलाकारों ने विश्वविद्यालय के भीतर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर छात्रों के प्रति एकजुटता प्रकट की है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: CAA, protests, Mumbai, support, film, stars, political, parties
OUTLOOK 19 December, 2019
Advertisement