Advertisement
10 October 2022

शराब नीति मामले में एक और गिरफ्तारी, सीबीआई ने अभिषेक बोइनपल्ली को किया अरेस्ट

दिल्ली आबकारी घोटाला मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने इस मामले में एक और गिरफ्तारी की है। सीबीआई ने अभिषेक बोइनपल्ली को गिरफ्तार किया है। अभिषेक को कोर्ट में पेश किया जाएगा। सीबीआई के अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी है।

अधिकारियों ने बताया कि अभिषेक बोइनपल्ली, कथित तौर पर दक्षिणी भारत के कुछ शराब कारोबारियों के लिए काम करता था, उसे रविवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने पाया कि वह कुछ महत्वपूर्ण सवालों से बच रहा था जिसके बाद उसे देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि आबकारी मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले कारोबारी एवं आम आदमी पार्टी के नेता विजय नायर को गिरफ्तार किया गया था। यह मामला राष्ट्रीय राजधानी में शराब के लाइसेंस देने में कथित भ्रष्टाचार से जुड़ा है। इस मामले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आरोपी हैं।

Advertisement

बता दें कि सीबीआई ने मनीष सिसोदिया समेत आठ आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर नोटिस जारी किया है। एफआईआर में कुल नौ लोग नामजद हैं, जिनमें सिर्फ पेरनोड रिकार्ड के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज राय के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी नहीं किया गया है।

आरोपियों में ऑनली मच लाउडर के पूर्व सीईओ विजय नायर, ब्रिंडको स्प्रिट्स के मालिक अमनदीप ढल, इंडोस्प्रिट के मालिक समीर महेंद्रु, बडी रिटेल के निदेशक अमित अरोड़ा, राधा इंडस्ट्रीज के दिनेश अरोड़ा, प्रोपराइटरशिप फर्म महादेव लिकर्स के सन्नी मारवाज शामिल हैं। आरोपियों में अर्जुन रामचंद्र पिल्लई और अर्जुन पांडे भी शामिल हैं। सीबीआई ने दिल्ली आबकारी नीति घोटाले में नामजद दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत सभी आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया। इन सभी के देश छोड़ने पर रोक लगा दी गई है।

 

TAGS: CBI, arrests, Hyderabad-based businessman, Abhishek Boinpally, Delhi excise policy case
OUTLOOK 10 October, 2022
Advertisement