Advertisement
08 September 2019

इसरो को मिली चंद्रमा पर विक्रम लैंडर की लोकेशन, नुकसान का डर

File Photo

इसरो को चांद पर विक्रम लैंडर की स्थिति का पता चल गया है। ऑर्बिटर ने थर्मल इमेज कैमरा से उसकी तस्वीर ली है हालांकि, उससे अभी कोई संचार स्थापित नहीं हो पाया है। इसरो का कहना है कि लैंडर से संपर्क की संभावना कम है। साथ ही इसरो ने संभावना जताई है कि लैंडर चंद्रमा की सतह पर तेजी से टकराया होगा और इसे नुकसान हुआ होगा। चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर में लगे ऑप्टिकल हाई रिजोल्यूशन कैमरा (OHRC) ने विक्रम लैंडर की तस्वीर ली है। इसरो प्रमुख के सिवन ने इस बात की जानकारी दी है। अब इसरो वैज्ञानिक ऑर्बिटर के जरिए विक्रम लैंडर को संदेश भेजने की कोशिश कर रहे हैं ताकि उसका कम्युनिकेशन सिस्टम ऑन किया जा सके।

हम संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं: इसरो प्रमुख

इसरो प्रमुख के सिवन ने बताया कि हमें विक्रम लैंडर के बारे में पता चला है, वह चांद की सतह पर देखा गया है. ऑर्बिटर ने लैंडर की एक थर्मल पिक्चर ली है लेकिन अभी तक कोई संचार स्थापित नहीं हो पाया है। हम संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं।

Advertisement

वैज्ञानिक कर रहे हैं डेटा एनालिसिस

भविष्य में विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर कितना काम करेंगे, इसका तो डेटा एनालिसिस के बाद ही पता चलेगा। इसरो वैज्ञानिक अभी यह पता कर रहे हैं कि चांद की सतह से 2.1 किमी ऊंचाई पर विक्रम अपने तय मार्ग से क्यों भटका। इसकी एक वजह ये भी हो सकती है कि विक्रम लैंडर के साइड में लगे छोटे-छोटे 4 स्टीयरिंग इंजनों में से किसी एक ने काम न किया हो। इसकी वजह से विक्रम लैंडर अपने तय मार्ग से डेविएट हो गया। यहीं से सारी समस्या शुरू हुई इसलिए वैज्ञानिक इसी प्वांइट की स्टडी कर रहे हैं।

ऑर्बिटर से ली जा रही तस्वीर

इसके अलावा चांद के चारों तरफ चक्कर लगा रहे ऑर्बिटर में लगे ऑप्टिकल हाई रिजोल्यूशन कैमरा (OHRC) से विक्रम लैंडर की तस्वीर ली जाएगी। यह कैमरा चांद की सतह पर 0.3 मीटर यानी 1.08 फीट तक की ऊंचाई वाली किसी भी चीज की स्पष्ट तस्वीर ले सकता है।

टूट गया था संपर्क

6 से 7 सितंबर की मध्य रात्रि लैंडर विक्रम चांद की सतह पर लैंड करने ही वाला था कि महज 2.1 किलोमीटर की दूरी पर विक्रम से संपर्क टूट गया। वैज्ञानिकों ने इसके बाद लगातार उससे संपर्क करने की कोशिश की लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाए। 

95 प्रतिशत पूरा हुआ मिशन का कार्य: इसरो प्रमुख 

इसरो प्रमुख के अनुसार, चंद्रयान -2 मिशन के उद्देश्यों में से 90 से 95 प्रतिशत को पूरा किया गया है और शनिवार को लैंडर के साथ संचार के नुकसान के बावजूद यह मिशन जारी रहेगा। एजेंसी ने कहा था कि वो अगले 14 दिनों के लिए विक्रम लैंडर के साथ संपर्क स्थापित करने की कोशिश करेगी। इसके लिए ऑर्बिटर से आने वाली जानकारी काफी महत्वपूर्ण होगी। 

TAGS: Chandrayaan-2 Lander, Vikram, ISRO Chief Dr Sivan
OUTLOOK 08 September, 2019
Advertisement