Advertisement
05 March 2018

बागपत में दिनदहाड़े कांग्रेसी महिला नेता की हत्या

File Photo

बागपत के पुराना कस्बा के केतीपुरा मोहल्ले में घर में घुसकर बदमाशों ने कांग्रेस की महिला नेता मुन्नी बेगम की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी और लगातार फायरिंग करते हुए वहां भाग निकले।

मुन्नी कांग्रेस की महिला नगर अध्यक्ष रह चुकी हैं। पिछले साल मुन्नी ने नगर निकाय का चुनाव भी लड़ा था। मुन्नी बेगम पत्नी मोबिन परिवार के साथ केतीपुरा मोहल्ले में रहती थी। उसका भतीजा जाहिद उर्फ लंबू उससे रंजिश रखता है, जो बागपत जेल में बंद है। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे मुन्नी अपने घर पर बैठी हुई थी। बाइक सवार तीन बदमाशों ने घर मे घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी जयप्रकाश का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। फौरी तौर पर मामला आपसी दुश्मनी का लगता है। हत्यारों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। मृतका के परिजनों का कहना है कि जाहिद ने जेल से ही अपने गुर्गो से हत्या कराई है। मुन्नी बेगम के ऊपर बीते छह वर्ष में यह तीसरा हमला था। एक बार तो वह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल  हो गई थी। वह लगातार पुलिस अफसरों से सुरक्षा की मांग कर रही थी। परिवार के लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही से ही मुन्नी की जान गई है। हत्या के बाद बदमाश सरेआम फायरिंग करते हुए भागे लेकिन किसी ने उनका पीछा तक नहीं किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: congress, munni begum, shot, baghpat, कांग्रेस नेत्री, मुन्नी बेगमा, हत्या, बागपत
OUTLOOK 05 March, 2018
Advertisement