Advertisement
17 September 2018

तेंदुलकर रन मशीन थे, शिवराज चौहान घोषणा मशीन हैं: राहुल गांधी

File Photo

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थोथी घोषणाएं करते हैं और शिवराज उसे दोहराते हैं, शिवराज तो घोषणा मशीन बन गए हैं। राहुल ने राजधानी भोपाल में रोड शो किया और उसके बाद भेल के दशहरा मैदान में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

'सचिन तेंदुलकर रन मशीन, शिवराज घोषणा मशीन'

केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, मध्यप्रदेश किसान आत्महत्या, दुष्कर्म, बेरोजगारी में नंबर एक पर है, मगर शिवराज घोषणाओं पर घोषणाएं किए जा रहे हैं। जिस तरह क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को रन मशीन कहा जाता था, ठीक उसी तरह शिवराज घोषणा मशीन बन गए हैं। अब तक 21,000 घोषणाएं कर चुके हैं।

Advertisement

'व्यापमं ने शिक्षा व्यवस्था को चौपट किया'

व्यापमं घोटाले का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा, व्यापम ने शिक्षा व्यवस्था को चौपट कर दिया। इस घोटाले से जुड़े 50 लोगों की हत्या हुई, ई-टेंडरिंग घोटाला हुआ। फिर घोटालों का सिलसिला चल पड़ा। राज्य में कांग्रेस की सरकार आने पर व्यापम और ई-टेंडरिंग घोटाले के आरोपियों को हम विजय माल्या की तरह भागने नहीं देंगे। राहुल गांधी ने सोमवार को मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि अब कांग्रेस में पैराशूट से टपकने वालों को चुनाव में टिकट नहीं मिलेगा। जिसने लाठी खाई, कांग्रेस की लड़ाई लड़ी, चुनाव में वही उम्मीदवार होगा।

'कांग्रेस की प्राथमिकता नौजवान और किसान हैं'

राजधानी भोपाल में सोमवार को रोड शो के बाद भेल के दशहरा मैदान में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, कांग्रेस के सत्ता में आने पर सबसे पहली प्राथमिकता में किसान और नौजवान होंगे, दूसरे स्थान पर कार्यकतार् और उसके बाद नेताओं का स्थान होगा। उन्होंने आगे कहा कि अब चुनाव में कांग्रेसी को ही प्राथमिकता मिलेगी। उन लोगों को किसी भी सूरत में उम्मीदवार नहीं बनाया जाएगा, जो दूसरी पार्टी से आते हैं। दूसरी पार्टियों से आने वालों का स्वागत है, मगर उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया जाएगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress prez, rahul gandhi, shivraj singh chauhan, sachin tendulkar
OUTLOOK 17 September, 2018
Advertisement