Advertisement
16 August 2023

मध्यप्रदेश में बजरंग दल पर प्रतिबंध नहीं लगाएगी कांग्रेस, दिग्विजय सिंह का बड़ा बयान

मध्यप्रदेश में बजरंग दल पर प्रतिबंध नहीं लगाएगी कांग्रेस, दिग्विजय सिंह का बड़ा बयान

कर्नाटक विधानसभा चुनावों में 'बजरंग दल बैन' की बात करने वाली कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में इससे उलट रुख अपनाया है। इस बारे में पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मध्य प्रदेश में बजरंग दल को बैन नहीं करेगी।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, "हम बजरंग दल पर प्रतिबंध नहीं लगाएंगे (अगर हम मध्य प्रदेश में चुनाव जीतते हैं) क्योंकि बजरंग दल में कुछ अच्छे लोग भी हो सकते हैं, लेकिन हम दंगों और हिंसा में शामिल किसी को भी नहीं छोड़ेंगे।" 

 

Advertisement

 

गौरतलब है कि इसी साल कर्नाटक विधानसभा चुनाव हुए थे, जिससे पहले कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में बजरंग दल को बैन करने की बात कही थी। इसके बाद सियासत गरमाई थी और देशभर में यह बात चर्चा का विषय बन गई थी। कांग्रेस की घोषणा का सहारा बीजेपी ने चुनाव प्रचार में लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बजरंगबली मुद्दे पर चुनावी मंचों से जमकर प्रचार किया। हालांकि बीजेपी चुनाव जीतने में नाकाम रही। बता दें कि चुनावों में कांग्रेस ने धमाकेदार जीत दर्ज की थी। राज्य में कांग्रेस की स्पष्ट बहुमत की सरकार आई और कांग्रेस ने भाजपा को बाहर का रास्ता दिखा दिया। कर्नाटक की तर्ज पर ही कांग्रेस मध्यप्रदेश में भी आगे बढ़ती दिख रही है। लेकिन बजरंग दल बैन वाली बात को मध्य प्रदेश में नज़र अंदाज किया जा रहा है।

बता दें कि मध्य प्रदेश में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसके लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अपनी कमर कस ली है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ साथ कमलनाथ और दिग्विजय सिंह सहित भाजपा व कांग्रेस के प्रमुख चेहरे चुनावी हवा को अपनी पार्टी की ओर करने की जुगत में लगे हुए हैं।

TAGS: Digvijay Singh, Madhya Pradesh election, digvijay singh bajrang dal ban, Indian politics, Madhya Pradesh government,
OUTLOOK 16 August, 2023
Advertisement