Advertisement
25 February 2018

श्रीदेवी के निधन पर ट्वीट कर घिरी कांग्रेस, विवाद के बाद किया डिलीट

दमदार अभिनेत्री और पहली महिला सुपरस्टार श्रीदेवी का दुबई में हार्ट अटैक से अचानक निधन हो गया। 54 वर्षीय अभिनेत्री के अचानक चले जाने पर लोग ट्वीट कर दु:ख जता रहे हैं। इस बीच श्रीदेवी की मौत को लेकर कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किया गया एक ट्वीट विवादों में आ गया है।

कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट कर कहा, 'श्रीदेवी के निधन की खबर सुनकर हमें दु:ख है। वह एक बेहतरीन अदाकारा थीं। दिग्गज अदाकारा जो अपने शानदार अभिनय के कारण वह हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी। उनके चाहने वालों के प्रति के हमारी गहरी संवेदना। उन्हें वर्ष 2013 में यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान पद्म श्री दिया गया था।'

ये जो बोल्ड में लिखा है, इस लाइन लेकर ही कांग्रेस का ट्वीट विवादों में आ गया। इसे मौत पर भी एक बात का 'क्रेडिट लेने का खेल' कहा गया।

Advertisement

सैंकड़ों की संख्या में लोग ट्वीट कर कांग्रेस पार्टी से अभिनेत्री की मौत पर राजनीति नहीं करने के लिए कह रहे हैं।

 

एक यूजर ने लिखा, 'कांग्रेस के अंदर आत्मसम्मान नहीं बचा है। इसलिए कांग्रेस जो करती है, उसे उसकी परवाह नहीं होती है। केवल राजनीति ही उनके अंदर बची है।'

एक अन्य यूजर ने सलाह दी कि इस ट्वीट को तुरंत कांग्रेस पार्टी डिलीट करें। संदीप ककाडिया लिखते हैं, 'किसी की मौत पर राजनीति न करो। आप गिरी हुई पार्टी हो इतना तो पता है लेकिन इतना गिरोगे यह पता नहीं था।'

इस विवाद में बीजेपी भी कूद गई है। दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता तेजिंदर बग्गा ने कहा, 'किसी की मौत पर तो कम से कम राजनीति मत करो।' ट्विटर ट्रोल होने के बाद कांग्रेस पार्टी ने अपने विवादित ट्वीट को डिलीट कर दिया और उसके बाद नया ट्वीट किया। इसमें श्रीदेवी को पद्म श्री देने वाली बात को हटा दिया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress, sridevi, padma shri, upa govt
OUTLOOK 25 February, 2018
Advertisement