Advertisement
29 November 2020

कोरोनाः देश में 24 घंटे में 41,810 नए मामले, संक्रमितों की संख्या पहुंची 94 लाख के करीब

FILE PHOTO

देश में कोरोना संक्रमण के नये मामलों की रफ्तार दूसरे दिन भी धीमी रही और स्वस्थ होने वालों मरीजों की संख्या बढ़ने से सक्रिय मामले कम हुए और इसकी दर 4.83 पर आ गयी। पिछले 24 घंटे में 41,810 नये मामले सामने आये और संक्रमितों का आंकड़ा 93.92 लाख हो गया। इस दौरान 42,298 मरीज स्वस्थ हुए और इसी के साथ काेरोना को शिकस्त देने वालों की तादाद 88 लाख हो गयी। सक्रिय मामलों में 984 की गिरावट के साथ यह संख्या 4.53 लाख पर आ गयी। इसी अवधि में 984 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,36,696 हो गया है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, देश में रिकवरी दर बढ़कर अब 93.71 प्रतिशत हो गयी है जबकि मृत्यु दर अभी 1.46 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र में सक्रिय मामले सबसे ज्यादा 1940 रहे जबकि दिल्ली में सर्वाधिक 6512 मरीज स्वस्थ हुए , हालांकि मृतकों की संख्या यहीं सबसे अधिक 89 रही।

कोविड-19 से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में सक्रिय मामले बढ़कर अब 90,965 हो गये हैं। राज्य में 88 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 46,986 हो गया है, वहीं अभी तक 16.76 लाख से ज्यादा लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। केरल में स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या 5.26 लाख से अधिक हो गयी , हालांकि सक्रिय मामले 950 बढ़कर 64,964 हो गये हैं जबकि 2196 लोगों की मौत हो चुकी है।

Advertisement

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सक्रिय मामलों की संख्या 1603 कम होकर अब 36,578 हो गयी है। वहीं अब तक 8998 लोग इस बीमारी से अपनी जान गंवा चुके हैं जबकि 5.16 लाख से ज्यादा मरीज कोरोनामुक्त हुए हैं।

दक्षिणी राज्य कर्नाटक में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 622 कम होकर 24,776 हो गयी है। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 11,750 पर पहुंच गया है तथा अब तक करीब 8.46 लाख लोग स्वस्थ हुए हैं। आंध्र प्रदेश में इस दौरान सक्रिय मरीजों की संख्या में 566 की कमी होने से यह 11,571 हो गया। राज्य में अब तक कोरोना से 6981 लोगों की मौत हुई है और 8.48 लाख से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं।

आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में सक्रिय मामले कम होकर 25,243 हो गये है तथा इस महामारी से 7718 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में अब तक करीब पांच लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं। तमिलनाडु में सक्रिय मामलों में 36 की कमी आयी है और यह संख्या घटकर 11,073 हो गयी है तथा अभी तक 11,694 लोगाें की मौत हुई है। राज्य में अब तक 7.56 लाख से अधिक लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं।

ओडिशा में सक्रिय मामले घटकर 5510 हो गये हैं और 1730 लोगों की मौत हुई है जबकि रोगमुक्त होने वाले मरीजों की संख्या 3.10 लाख से अधिक हो गयी है। तेलंगाना में कोरोना के सक्रिय मामले घटकर 10,490 रह गए हैं और 1455 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2.57 लाख से अधिक लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Corona, new cases, 984 deaths, 24 hours, country
OUTLOOK 29 November, 2020
Advertisement