Advertisement
02 November 2019

दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में वकीलों और पुलिस के बीच झड़प, फायरिंग में दो घायल

ANI

दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट परिसर में शनिवार को वकीलों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई। आगजनी की भी खबर है। इसमें गोली लगने से दो वकील घायल हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कहा जा रहा है कि कोर्ट के पार्किंग एरिया में एक वकील और पुलिस की गाड़ी टकराने पर विवाद बढ़ा। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए फायरिंग की। गुस्साए वकीलों ने पुलिस की एक गाड़ी में आग लगाई। इलाके में भारी संख्या में पुलिसबल तैनात है। घटना में एसीपी (नॉर्थ), दो एसएचओ समेत 10 पुलिसकर्मियों को चोट आई, हालांकि पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वकीलों ने 4 नवंबर को राजधानी की सभी जिला अदालतों में हड़ताल का ऐलान किया है।

वकीलों का दावा, पुलिस वैन ने मारी टक्कर

बार एसोसिएशन के सदस्य ने बताया कि पुलिस वैन ने पार्किंग एरिया में वकील की गाड़ी में टक्कर मार दी। जब उसने पुलिस का सामना किया तो 6 पुलिसकर्मियों ने उसे अंदर ले जाकर मारपीट की। लोगों ने यह घटना देखकर और पुलिस बुला ली।

Advertisement

इसके बाद एसएचओ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। हमने इस बारे में हाईकोर्ट को बताया है। 6 जजों की टीम इस बात की जांच करने पहुंची, लेकिन उन्हें भी अंदर नहीं जाने दिया गया। जब जज लौटने लगे तो पुलिसकर्मियों ने फायरिंग की।

घायल वकील अस्पताल में भर्ती

तीस हजारी कोर्ट के एक वकील ने कहा कि पुलिस हमारी सुरक्षा में तैनात रहती है लेकिन आज उन्होंने वकीलों पर सीधे गोलियां चलाईं। गोली लगने के बाद जख्मी वकील विजय वर्मा को सेंट स्टीफन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Delhi, Delhi Police, Tis Hazari court.
OUTLOOK 02 November, 2019
Advertisement