Advertisement
02 December 2023

दिल्ली आबकारी नीति मामले में आप सांसद संजय सिंह के खिलाफ ईडी ने दायर किया आरोपपत्र

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया। अधिकारियों के अंजार, ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विभिन्न धाराओं के तहत एक स्थानीय अदालत में आरोपपत्र दायर किया।

बता दें कि इस मामले में यह एक पूरक आरोप पत्र है क्योंकि एजेंसी पहले ऐसी लगभग पांच अभियोजन शिकायतें दायर कर चुकी है। ईडी ने ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य सिंह को इस मामले में अक्टूबर में गिरफ्तार किया था।

धनशोधन रोधी एजेंसी ने आरोप लगाया था कि आरोपी कारोबारी दिनेश अरोड़ा ने राज्यसभा सदस्य के आवास पर दो किस्तों में दो करोड़ रुपये नकद पहुंचाए थे। हालांकि, सिंह ने इस दावे का खंडन किया है।

Advertisement

ईडी ने 2021-22 दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में ‘आप’ सांसद को गिरफ्तार किया था। इस मामले में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के बाद वह दूसरे बड़े नेता हैं।

दिल्ली पर शासन करने वाली ‘आप’ ने गिरफ्तारियों और मामले को “राजनीतिक षड्यंत्र” करार दिया है। ईडी के अनुसार, जांच में पता चला है कि अरोड़ा ने सिंह के घर पर दो मौकों पर दो करोड़ रुपये नकद पहुंचाए थे। अगस्त 2021 से अप्रैल 2022 के बीच यह नकदी पहुंचाई गई।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Aam Aadmi Party AAP, Sanjay Singh, Enforcement directorate ED, chargesheet, delhi Excise Policy Case
OUTLOOK 02 December, 2023
Advertisement