Advertisement
27 April 2018

साथी से मारपीट को लेकर एम्स के रेजीडेंट डॉक्टर हड़ताल पर, मरीज बेहाल

ANI

दिल्ली एम्स के 18 सौ रेजीडेंट डॉक्टर बेमियादी हड़ताल पर चले गए हैं। रेजीडेंट डाक्टरों का आरोप है कि सीनियर डॉक्टर अतुल कुमार ने उनके साथी डॉक्टर के साथ मारपीट की है। उनकी मांग है कि आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उन्हें हटाया जाए। इस दौरान हड़ताल के कारण मरीजों की परेशानी खासी बढ़ गई है। ओपीडी की लंबी लाइनों में खड़े मरीज अपनी बारी का इंतजार ही कर रहे हैं।

रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन का कहना है कि जब तक आरोपी सीनियर डॉक्टर पर कार्रवाई नहीं होगी तब तक वे हड़ताल वापस नहीं लेंगे। साथ ही आरोपी डॉक्टर को हटाया जाए। हड़ताल से इमरजेंसी और आईसीयू छोड़कर बाकी सभी सेवाओं पर असर पड़ रहा है। हड़ताल का ज्यादा असर ओपीडी पर पड़ रहा है। जनरल ओपीडी में मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। क्योंकि ज्यादातर ओपीडी का काम रेजीडेंट डॉक्टर ही संभालते हैं।

वहीं एम्स प्रशासन का कहना है कि इस बारे में रेजीडेंट डॉक्टरों से बातचीत हुई है, बावजूद इसके वे बेमियादी हड़ताल पर चले गए हैं, जो कि गैरकानूनी है। एम्स निदेशक ने रेजीडेंट डॉक्टरों से जल्द से जल्द हड़ताल खत्म करने की अपील की है।

TAGS: AIIMS, strike, Resident Doctor, assult
OUTLOOK 27 April, 2018
Advertisement