Advertisement
28 January 2023

दिल्ली विश्वविद्यालय ने बीबीसी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर हुए हंगामे की जांच के लिए सात सदस्यीय समिति बनाई

दिल्ली विश्वविद्यालय ने बीबीसी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर हुए हंगामे की जांच के लिए सात सदस्यीय समिति बनाई

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने 2002 के गुजरात दंगे पर आधारित बीबीसी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर कला संकाय के बाहर 27 जनवरी को हुए हंगामे की जांच के लिए सात सदस्यीय समिति का गठन किया है।

डीयू की प्रॉक्टर रजनी अब्बी की अगुवाई वाली इस समिति से 30 जनवरी को शाम पांच बजे तक कुलपति योगश सिंह को अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।

विश्वविद्यालय ने एक अधिसूचना में कहा कि कुलपति ने परिसर में अनुशासन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह समिति गठित की है।

Advertisement

अधिसूचना के अनसार, वाणिज्य विभाग के प्रोफेसर अजय कुमार सिंह, संयुक्त प्रॉक्टर प्रोफेसर मनोज कुमार सिंह, सामाजिक कार्य विभाग के प्रोफेसर संजय रॉय, हंसराज कॉलेज की प्राचार्य प्रोफेसर रामा, किरोड़ीमल कॉलेज के प्राचार्य दिनेश खट्टर और मुख्य सुरक्षा अधिकारी गजे सिंह समिति के अन्य सदस्य हैं।

अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘समिति खासकर 27 जनवरी 2023 को विश्वविद्यालय में कला संकाय के बाहर और प्रवेश द्वार के सामने हुई घटना की जांच करेगी।’’

दिल्ली विश्वविद्यालय में शुक्रवार को जब विद्यार्थियों ने इस विवादास्पद डॉक्यूमेंट्री को दिखाने की कोशिश की थी, तब हंगामा हुआ था। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को ऐसा करने से रोका था।

भारतीय राष्ट्र छात्र संघ के 24 विद्यार्थियों को दिल्ली विश्वविद्यालय के कला संकाय से हिरासत में लिया गया था और उत्तरी परिसर में भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।

विश्वविद्यालय ने दावा किया था कि ‘बाहरी’ लोग यह वृत्तचित्र दिखाने की कोशिश कर रहे थे और पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुलाया गया था।

 

TAGS: The Delhi University, 7-member panel, probe, January 27, ruckus, Arts Faculty, BBC documentary screening
OUTLOOK 28 January, 2023
Advertisement