Advertisement
03 October 2023

दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के तेज झटके, घबराकर घरों और ऑफिसों से बाहर निकले लोग, नेपाल था केंद्र

दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के तेज झटके, घबराकर घरों और ऑफिसों से बाहर निकले लोग, नेपाल था केंद्र | ट्विटर/एएनआई

राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में मंगलवार दोपहर भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए। मंगलवार दोपहर को 2.53 पर आए भूकंप के झटकों के बाद दहशत में लोग दफ्तर और घरों से बाहर निकल गए।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) ने बताया कि मंगलवार को नेपाल में रिक्टर स्केल पर 6.2 और 4.6 तीव्रता के दो भूकंप आए, जिसके झटके भारत के बड़े हिस्से में महसूस किए गए। आधे घंटे से भी कम समय के भीतर दो झटके महसूस किए गए। पहला भूकंप 14:25:52 IST पर आया, उसके बाद दूसरा भूकंप 14:51:04 IST पर आया।

एनसीएस ने एक्स पर लिखा, "भूकंप की तीव्रता: 4.6, 03-10-2023 को 14:25:52 IST पर आया, अक्षांश: 29.37 और लंबाई: 81.22, गहराई: 10 किमी, स्थान: नेपाल।"

Advertisement

पहले भूकंप (4.6 तीव्रता) की गहराई 10 किमी जबकि दूसरे (6.2 तीव्रता) की गहराई 5 किमी पाई गई। एक्स पर पोस्ट किया, "परिमाण का भूकंप: 6.2, 03-10-2023 को 14:51:04 IST, अक्षांश: 29.39 और लंबाई: 81.23, गहराई: 5 किमी, स्थान: नेपाल।"

बहरहाल, उत्तर भारत के कई राज्यों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। दिल्ली के अलावा गाजियाबाद, नोएडा और फरीदाबाद में भी भूकंक के झटके महसूस किए गए। लखनऊ में लोग अपनी इमारतों से बाहर निकल आये। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की इमारतें हिल गईं। कई स्थानों पर झटके महसूस किए गए हैं।गौरतलब है कि अभी तक किसी के हताहत होने या नुकसान की सूचना नहीं है।

 

दिल्ली पुलिस ने सभी से ना घबराने की अपील की है। पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "हमें उम्मीद है कि आप सभी सुरक्षित हैं। कृपया अपनी इमारतों से बाहर सुरक्षित स्थान पर आ जाएं, लेकिन घबराएं नहीं। लिफ्ट का उपयोग न करें! किसी भी आपातकालीन मदद के लिए 112 डायल करें।"

 

 

TAGS: Earthquake, Delhi-NCR.
OUTLOOK 03 October, 2023
Advertisement