Advertisement
29 January 2020

चुनाव आयोग का बीजेपी को आदेश: स्टार प्रचारकों की लिस्ट से हटाएं अनुराग ठाकुर-प्रवेश वर्मा का नाम

File Photo

चुनाव आयोग (ईसी) ने विवादित बयान देने वाले केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा नेता प्रवेश वर्मा पर कार्रवाई करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आदेश दिया है कि दोनों नेताओं को पार्टी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट से हटाया जाए। साथ ही ईसी ने बुधवार को भाजपा सांसद परवेश वर्मा को विवादास्पद बयान के लिए एक कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों सांसदों ने पिछले दिनों दिल्ली चुनाव प्रचार के दौरान विवादित बयान दिया था। बता दें कि, दिल्ली की रिठाला सीट पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के साथ चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने 'देश के गद्दारों को गोली मारने' के नारे लगवाए थे।

‘देश के गद्दारो को’

भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा था, 'देश के गद्दारो को', इसके जवाब में सामने मौजूद बीजेपी कार्यकर्ता 'गोली मारो...' का नारा लगाया था। इसके बाद फिर वो कहते हैं, नारा इतनी जोर से लगाएं कि गिरिराज जी को सुनाई दे। इस पर फिर से अनुराग ठाकुर की तरफ से नारा दोहराया जाता हैं और भीड़  से ‘गोली मारने’ की आवाज गूंजती है।

Advertisement

शाहीन बाग पर दिया था विवादित बयान

इससे इतर, पश्चिमी दिल्ली से बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा ने नागरिकता संसोधन कानून (सीएए) के खिलाफ दिल्ली स्थित शाहीन बाग इलाके में पिछले एक महीने से ज्यादा से समय से  चल रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था, 'शाहीन बाग में लाखों लोग जमा होते हैं। दिल्ली के लोगों को सोचना होगा, और फैसला करना होगा। वे आपके घरों में घुसेंगे, आपकी बहन-बेटियों के साथ रेप करेंगे, उन्हें कत्ल कर देंगे। आज ही वक्त है, कल मोदी जी और अमित शाह आपको बचाने नहीं आ पाएंगे।”

कपिल मिश्रा पर 48 घंटे का बैन

इससे पहले चुनाव आयोग ने दिल्ली के मॉडल टाउन से बीजेपी उम्मीदवार कपिल मिश्रा द्वारा विवादित भाषण देने को लेकर 48 घंटे के लिए प्रचार पर प्रतिबंध लगा दिया था। भाषण को लेकर मॉडल टाउन थाने में एफ़आईआर भी दर्ज होने के बाद ईसी ने यह कदम उठाया था। उन्होंने कहा था कि दिल्ली में कई मिनी पाकिस्तान बना दिए गए है। 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: EC, Orders, Removal, BJP's Anurag Thakur, Parvesh Varma, List Of Campaigners
OUTLOOK 29 January, 2020
Advertisement