Advertisement
15 June 2024

छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में आठ नक्सली ढेर, एक जवान शहीद, दो अन्य घायल

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए। इस घटना में सुरक्षाबल का एक जवान शहीद हो गया तथा दो अन्य घायल हैं। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस महीने की 12 तारीख को जिले के अबुझमाड़ क्षेत्र में स्थित कुतुल, फरसबेड़ा और कोड़तामेटा गांव के जंगल में नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि अभियान में नारायणपुर-कोण्डागांव-कांकेर- दन्तेवाड़ा जिले का डीआरजी, विशेष कार्य बल और भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के 53वीं वाहिनी का बल शामिल है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ट्वीट कर कहा, "नारायणपुर जिले के थाना ओरछा अंतर्गत फरसाबेड़ा-धुरबेड़ा के बीच सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 8 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। मुठभेड़ में एक एसटीएफ जवान के शहीद होने और दो जवानों के घायल होने की भी दुखद खबर है। घायल जवानों को तत्काल उपचार के लिए रायपुर ले जाया जा रहा है। मैं ईश्वर से शहीद जवान की आत्मा की शांति और घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। नक्सलियों के खिलाफ की जा रही सख्त कार्रवाई से उनमें बौखलाहट है। हमारी सरकार उन्हें खत्म करने के लिए पूरी तरह तैयार है और जब तक लक्ष्य हासिल नहीं हो जाता, हम चुप नहीं बैठेंगे।"

Advertisement

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है, इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने आठ नक्सलियों को मार गिराया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में सुरक्षाबल का एक जवान शहीद हुआ है तथा दो अन्य जवान घायल हैं। घायल जवानों को जंगल से बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले दो दिनों में भी क्षेत्र में कई बार रुक-रुककर गोलीबारी हुई है। क्षेत्र में तलाश अभियान जारी है।

इससे पहले शुक्रवार को कोहकामेटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुतुल गांव के करीब बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से भारत तिब्बत सीमा पुलिस के दो जवान घायल हो गए थे।

 
 
अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Eight Naxalites, killed, Encounter in Chhattisgarh, one soldier martyred, two others injured
OUTLOOK 15 June, 2024
Advertisement