Advertisement
09 March 2024

चुनाव आयुक्त अरुण गोयल ने लोकसभा चुनाव से पहले दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति ने किया मंजूर

file photo

चुनाव आयुक्त अरुण गोयल ने 9 मार्च से इस्तीफा दे दिया है। कानून एवं न्याय मंत्रालय ने एक अधिसूचना में इसका एलान किया। गोयल का इस्तीफा देश में लोकसभा चुनाव से पहले आया है। उनका कार्यकाल दिसंबर 2027 तक था।

आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है, ''राष्ट्रपति ने तत्काल चुनाव आयुक्त अरुण गोयल का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।" चुनावी तैयारियों के लिए कई राज्यों के दौरे पर अरुण गोयल मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ थे लेकिन अचानक उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि उन्होंने इस्तीफे की कोई वजह नहीं बताई है।

गोयल, एक सेवानिवृत्त नौकरशाह, पंजाब कैडर के 1985-बैच के आईएएस अधिकारी थे। वह नवंबर 2022 में चुनाव आयोग में शामिल हुए थे। फरवरी में अनूप पांडे की सेवानिवृत्ति और गोयल के इस्तीफे के साथ, तीन सदस्यीय ईसी पैनल में अब केवल मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार शामिल हैं।

Advertisement

भारतीय प्रशासनिक सेवा से अरुण गोयल ने वीआरएस लिया था। वीआरएस लेने से पहले वे केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय में सचिव के पद पर तैनात थे। चुनाव आयुक्त के तौर पर उनकी नियुक्ति को लेकर विवाद भी हुआ था जिसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 09 March, 2024
Advertisement