Advertisement
08 August 2024

आबकारी मामला: दिल्ली की अदालत ने अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 20 अगस्त तक बढ़ाई

file photo

दिल्ली की एक अदालत ने गुरुवार को कथित आबकारी घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार के एक मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 20 अगस्त तक बढ़ा दी।

विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अदालत में पेश किए जाने के बाद केजरीवाल की हिरासत बढ़ा दी। अदालत इस मामले में केजरीवाल के खिलाफ सीबीआई द्वारा दायर पूरक आरोपपत्र पर 12 अगस्त को विचार कर सकती है।

न्यायाधीश ने जून में केजरीवाल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था और कहा था कि उनका नाम "मुख्य साजिशकर्ताओं" में से एक के रूप में सामने आया है और जांच अभी भी जारी है। न्यायाधीश ने सीबीआई की आशंका पर भी गौर किया था, जिसमें दावा किया गया था कि केजरीवाल मामले में गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं।

Advertisement

55 वर्षीय केजरीवाल को सीबीआई ने 26 जून को तिहाड़ जेल से गिरफ्तार किया था, जहां वे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज धन शोधन के एक मामले में न्यायिक हिरासत में थे। केजरीवाल को ईडी ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने 12 जुलाई को ईडी मामले में केजरीवाल को अंतरिम जमानत दे दी थी, लेकिन वह इस मामले के सिलसिले में तिहाड़ जेल में बंद हैं क्योंकि उन्होंने जमानत बांड नहीं भरा है।

OUTLOOK 08 August, 2024
Advertisement