Advertisement
28 November 2020

किसानों का आंदोलन जारी, भाकियू ने दिया समर्थन, कहा-सरकार फेल हो गई

ANI

पंजाब से दिल्ली जाने के प्रमुख रास्ते सिंघु बॉर्डर पर किसानों की शनिवार को हुई एक बैठक में फैसला लिया गया कि वे वहां से नहीं हटेंगे और प्रदर्शन जारी रखेंगे। हालाकि किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए शुक्रवार को सरकार ने उन्हें दिल्ली आने की अनुमति दी और बुराड़ी के निरंकारी समागम ग्राउंड पर प्रदर्शन की जगह देने की बात कही थी। इस बीच, भारतीय किसान यूनियन ने आंदोलन का समर्थन किया है। राजस्थान और यूपी के किसानों ने भी दिल्ली कूच किया है।

उत्तर प्रदेश में भारतीय किसान यूनियन ने भी दिल्ली के लिए कूच किया है। किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों के मसले को हल करने में नाकाम रही है। हम अब दिल्ली जा रहे हैं। वहीं, किसानों का कहना है कि हम सिंघु बॉर्डर प्रदर्शन जारी रखेंगे। हम घर वापस नहीं जाएंगे। पंजाब और हरियाणा से हजारों किसान प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आए हैं। उनका कहना था कि वो पंजाब से तकरीबन 6 महीने का राशन लेकर निकले हैं। किसानों ने कहा कि हम बुराड़ी नहीं जा रहे हैं, जो किसान बुराड़ी गए हैं, सरकार उन्हें उलझा रही है।

भारतीय किसान यूनियन, पंजाब के महासचिव, हरिंदर सिंह कहते हैं, "यह तय किया गया है कि हम यहां अपना विरोध जारी रखेंगे और कहीं और नहीं जाएंगे। हम हर दिन सुबह 11 बजे अपनी रणनीति पर चर्चा करेंगे।"

Advertisement

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यह आंदोलन पंजाब के किसानों ने खड़ा किया है। यह आंदोलन पूरी तरह राजनैतिक और सुनियोजित तरीके से खड़ा किया गया ह।. हरियाणा के किसानों ने इस आंदोलन में हिस्सा नहीं लिया है। हरियाणा पुलिस ने संयम और धैर्य का परिचय दिया है।

केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब और हरियाणा के किसान सबसे ज्यादा आक्रोषित नज़र आ रहे हैं। अपनी मांगों को लेकर दिल्ली कूच कर रहे किसानों का शुक्रवार को दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर प्रशासन से सामना हुआ, जिसमें भारी बवाल भी देखने को मिला। किसानों पर वाटर कैनन का प्रयोग किया गया साथ ही आंसू गैस के गोले भी दागे गए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Farmers, movement, continues, Bku, support, government, fails
OUTLOOK 28 November, 2020
Advertisement