Advertisement
18 May 2018

मेरे लिए जरूरी व्यक्ति कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता हैः राहुल गांधी

कर्नाटक में शनिवार को कांग्रेस और भाजपा के बीच सदन में बहुमत के लिए जोर आजमाइश होगी तो इस राजनीतिक हलचल से दूर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ में कार्यकर्ताओं से संपर्क साध रहे हैं। राहुल गांधी ने यहां कहा, ‘मेरे लिए पार्टी में सबसे जरूरी व्यक्ति कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता है, उसके बाद सब कुछ आता है।

राहुल गांधी ने बिलासपुर जिला मुख्यालय स्थित बहतराई स्टेडियम में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से कहा कि देश में माहौल बिगड़ा हुआ है। दलित, आदिवासी, महिलाओं, युवाओं और छोटे व्यापारियों पर अत्याचार हो रहे हैं। पूरे देश में आरएसएस के लोग एक व्यक्ति को दूसरे व्यक्ति से लड़ा रहे हैं।

राहुल गांधी ने कहा, ‘15-20  सबसे अमीर व्यक्तियों के लिए देश की सरकार चल रही है और यह अमीर लोग चाहते हैं कि किसानों, आदिवासियों की जमीन उनके हवाले कर दी जाए।‘ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यूपीए सरकार ने आदिवासियों और किसानों की जमीन बचाए रखने के लिए भूमि अधिग्रहण कानून, आदिवासियों से संबंधित कानून बनाया, लेकिन भाजपा की सरकार ने उसे लागू नहीं किया। हमारी सरकार बनी तो ऐसे कानूनों को सख्ती से लागू करेंगे। उन्होंने कहा, ‘एक के बाद एक झूठे वादों की लाइन लगा दी और किया कुछ नहीं। प्रधानमंत्री जी ने झूठ बोला और मुख्यमंत्री भ्रष्ट है, ये बात आप लोगों को छत्तीसगढ़ की जनता को बताना है।‘

Advertisement

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा का एक विधायक बलात्कार करता है और पीएम एक शब्द नहीं बोलते हैं। पीएम का काम होता है लोगों को दिशानिर्देश देना और रास्ता दिखाना, लेकिन पीएम चुप रहते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि अगर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनी तब महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्ग के लोगों पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। जो भी कानून तोड़ेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

इस साल नवंबर में छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने हैं। राहुल गांधी ने चुनाव के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने अपने अंदाज में चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। वह राज्य में संकल्प यात्रा निकाल रहे हैं। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में उन्होंने रोड शो और लोगों से जनसंपर्क किया।  

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: rahul gandhi, congress, party worker, important
OUTLOOK 18 May, 2018
Advertisement