Advertisement
17 February 2022

हिजाब विवाद पर विदेश मंत्रालय की दो टूक, आंतरिक मुद्दों पर बाहरी लोगों की टिप्पणियां स्वीकार्य नहीं

FILE PHOTO

विदेश मंत्रालय ने कर्नाटक में चल रहे ड्रेस कोड विवाद को लेकर कुछ देशों की आलोचना पर गुरुवार को अपना रुख दोहराया और कहा कि ये भारत का आंतरिक मामला है और इस पर बाहरी लोगों की टिप्पणी स्वीकार्य नहीं होगी।

मीडिया ब्रीफिंग में हिजाब विवाद पर एक सवाल के जवाब में, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, “भारत का आंतरिक मामला होने के चलते विदेश मंत्रालय का इससे कोई नाता नहीं है। किसी बाहरी व्यक्ति या किसी अन्य देश द्वारा इस पर किसी भी टिप्पणी का स्वागत नहीं है।.”

उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत में एक संवैधानिक तंत्र, न्यायिक प्रणाली और लोकतांत्रिक लोकाचार है जो ऐसी चीजों के समाधान खोजने के लिए एक रूपरेखा प्रदान करता है। उन्होंने कहा, "और यह मुद्दा विचाराधीन है। कर्नाटक उच्च न्यायालय इस पर विचार कर रहा है।"

Advertisement

बागची ने कहा कि आंतरिक मुद्दों और भारत के संविधान और इसके लोगों से संबंधित मामलों पर बाहरी लोगों की टिप्पणी स्वीकार्य नहीं होगी। भारत ने पिछले हफ्ते भी कुछ देशों की आलोचना को खारिज कर दिया था और कहा था कि देश के आंतरिक मुद्दों पर "प्रेरित टिप्पणियों" का स्वागत नहीं किया जाता है।

बागची ने कहा था कि जो लोग भारत को अच्छी तरह से जानते हैं, उन्हें वास्तविकताओं की उचित समझ होगी। भारत का ये बयान इस्लामिक संगठन के उस ट्वीट के बाद आया है जिसमें भारत में मुसलमानों के हालात पर चिंता जताई गई थी। आईओसी ने ट्वीट कर कहा था कि, ‘इस्लामिक सहयोग संगठन का सचिवालय यह मांग करता है कि भारत मुस्लिम समुदाय की सुरक्षा, उनके हितों का ख्याल रखे। इस्लाम को मानने वाले लोगों की जीवनशैली की रक्षा करे। इसके अलावा हिंसा के लिए उकसाने वाले लोगों और हेट क्राइम करने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Foreign Ministry, hijab controversy, outsiders, internal issues, हिजाब विवाद
OUTLOOK 17 February, 2022
Advertisement