Advertisement
14 December 2022

दिल्ली में छात्रा पर एसिड से हमला, मुख्य्मंत्री अरविंद केजरीवाल बोले ये बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

राजधानी दिल्ली को एक बार फिर शर्मशार करने वाला एसिड अटैक का मामला सामने आया है। बुधवार की सुबह दो बाइक सवार युवकों ने एक 17 वर्षीय छात्रा के ऊपर कथित तौर पर तेजाब जैसा पदार्थ फेंक दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर के पास की है। घटना के बाद लड़की को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक चिकित्सक ने कहा, “उसका चेहरा सात-आठ प्रतिशत तक झुलस गया है और आंखों पर भी असर हुआ है। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर है।” पुलिस ने कहा कि एक कथित आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बारे में सुबह करीब नौ बजे जानकारी मिली। मोहन गार्डन इलाके में लड़की पर यह हमला हुआ।

पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एम. हर्षवर्धन ने कहा, “बताया गया है कि आज सुबह करीब साढ़े सात बजे मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों ने 17 वर्षीय लड़की पर कथित रूप से तेजाब जैसा पदार्थ फेंक दिया।” अधिकारी ने कहा कि घटना के समय लड़की अपनी छोटी बहन के साथ थी।

Advertisement

डीसीपी ने कहा कि लड़की ने दो लोगों को नामजद किया है, जो हमले के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं। उनमें से एक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के सीसीटीवी फुटेज में दो लोगों को लड़की पर 'तेजाब' फेंकते हुए देखा गया है।

वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को पश्चिमी दिल्ली में एक नाबालिग लड़की पर तेजाब फेंकने वालों के लिए कड़ी सजा की बात कही और कहा कि सरकार को शहर के हर बच्चे की चिंता है।

केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा, "यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। आरोपियों ने इतनी हिम्मत कैसे जुटा ली? आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। दिल्ली की हर बच्ची की सुरक्षा हमारे लिए महत्वपूर्ण है।"

उधर, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि द्वारका मोड़ के पास एक स्कूली छात्रा पर तेजाब फेंका गया। पीड़िता की मदद के लिए महिला आयोग की टीम अस्पताल पहुंच रही है। बेटी को इंसाफ दिलाएंगे।

स्वाति मालीवाल ने सरकार को घेरते हुए कहा "दिल्ली महिला आयोग वर्षों से देश में तेजाब बैन करने की लड़ाई लड़ रहा है। कब जागेंगी सरकारें?" उन्होंने आगे कहा कि हमने दिल्ली पुलिस को हमलावरों को गिरफ्तार करने और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने के लिए नोटिस जारी किया है।

हालंकि, पुलिस ने कहा कि एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, उन्हें मामले की सूचना सुबह करीब नौ बजे मिली। पीड़िता पर हमला मोहन गार्डन इलाके में किया गया। उस वक्त वह अपनी छोटी बहन के साथ थी।

दूसरी तरफ़ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली एलजी वीके सक्सेना के आने के बाद दिल्ली में अपराध बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा, "आपके साथ दिल्ली पुलिस है और हर दिन अपराध बढ़ रहे हैं। दिल्ली सरकार के काम में दखल देने के बजाय आपको अपने काम पर ध्यान देना चाहिए।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Delhi, Delhi acid Attack case, Delhi Chief Minister Arvind Kejriwal, west Delhi, Uttam Nagar, west Delhi
OUTLOOK 14 December, 2022
Advertisement