Advertisement
10 September 2017

नौसेना की छह महिला अफसर विश्व परिक्रमा के लिए रवाना, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

नौसेना की छह जाबांज महिला अधिकारियों का दल आईएनएस तारिणी पर सवार होकर समुद्री रास्ते से विश्व परिक्रमा के लिए ‘नाविका सागर परिक्रमा’ अभियान पर आज गोवा से रवाना हो गया।

रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने दोपहर बाद एक बजे पणजी के समीप आईएसनएस मांडवी बोट पूल में अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी कर रही हैं।उनके साथ लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जामवाल, पी.स्वाति और लेफ्टिनेंट एस.विजया देवी, बी.ऐश्वर्या और पायल गुप्त हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नाविका सागर परिक्रमा अभियान की साहसिक महिला टीम को उसके अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह इस अभियान की सफलता की कामना करते हैं।

Advertisement

पीएम मोदी ने टि्वटर पर लिखा, "आज विशेष दिन है। नौसेना की छह महिला अधिकारियों ने आईएनएसवी तरिणी से दुनिया का चक्कर लगाने की यात्रा शुरू की। 'पूरा देश एक साथ मिलकर नाविका सागर परिक्रमा की टीम को शुभकामनाएं दे रहा है और उनकी इस असाधारण यात्रा के लिए शुभेक्षा।"

गौरतलब है कि गोवा के तट से शुरू हुआ ‘नाविका सागर परिक्रमा’ अभियान दुनिया के विभिन्न सागरों से होते हुए मार्च, 2018 में समाप्त होगा। यह पूरी यात्रा पांच चरणों में पूरी होगी। इस दौरान महिला टीम अपने पोत के साथ राशन और मरम्मत के काम के लिए ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, फॉकलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बंदरगाहों पर रुकेगी।


 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Goa, Union Defence Minister Nirmala Sitharaman, flagging-off ceremony, 'Navika Sagar Parikrama', Panaji
OUTLOOK 10 September, 2017
Advertisement