Advertisement
19 June 2024

आज से कम होगी गर्मी! दिल्ली-एनसीआर समेत इन राज्यों में कब होगी बारिश? प्रचंड गर्मी के बीच मौसम विभाग का आया बड़ा अपडेट

उत्तर और पूर्वी भारत के ज्यादातर इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जिससे बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई और रातें सामान्य से अधिक गर्म रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि बुधवार (19 जून, 2024) को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। आईएमडी ने कहा कि पूर्वोत्तर और दक्षिण के राज्य के कई हिस्सों में वर्षा होने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि उत्तर प्रदेश, दक्षिण उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और उत्तरी मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, बिहार और जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति बनी हुई है। चिलचिलाती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों के लिए गुड न्यूज दी है।

 

Advertisement

मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में मानसून आने की स्थिति बन रही हैं।

'मानसून के थम जाने से जून में बारिश औसत से 20 प्रतिशत कम'

 

साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह भी बताया कि जून में देश में सामान्य से कम मानसूनी बारिश होगी। इस समय देश के उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। आईएमडी ने मानसून पूर्वानुमान के अपडेट में कहा, ‘पूरे देश में जून की औसत बारिश सामान्य से कम यानी दीर्घावधि औसत (एलपीए) के 92 प्रतिशत से कम रहने की संभावना है।’ 30 मई को केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक देने के बाद से देश में 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

जानें किन राज्यों में होगी बारिश  

आईएमडी ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में बुधवार (19 जून, 2024) को भारी वर्षा हो सकती है। वहीं, 20 से 22 जून के दौरान केरल, तटीय कर्नाटक और गोवा में बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने मंगलवार को कहा कि भारत में जून महीने में सामान्य से कम मानसून की बारिश होगी। आईएमडी ने कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून के केरल में दस्तक देने के बाद से 20 फीसदी कम वर्षा हुई है।

मौसम विभाग ने कहा कि मंगलवार को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों, उत्तरी मध्य प्रदेश, दक्षिण बिहार और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Heat wave, capital Delhi, Punjab, UP, Rain, Monsoon
OUTLOOK 19 June, 2024
Advertisement