Advertisement
11 May 2018

लालू को स्वास्थ्य के आधार पर मिली छह सप्ताह की जमानत, योगगुरु रामदेव ने दी बधाई

file photo

रांची हाइकोर्ट के जस्टिस अपरेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को छह सप्ताह की अंतरिम जमानत दे दी। लालू के वकील प्रभात कुमार ने यह जानकारी दी। लालू अभी अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव की शादी में भाग लेने के लिए पैरोल पर हैं। योगगुरु रामदेव ने राजद प्रमुख से मुलाकात कर उन्हें जमानत मिलने पर बधाई दी और स्वस्थ रहने के लिए योग करने की सलाह दी।


समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार हाइकोर्ट ने राजद प्रमुख को जमानत स्वास्थ्य के आधार पर दी है। लालू के बेटे की 12 मई को शादी होने वाली है। ऐसे में हाइकोर्ट से अस्थायी जमानत मिलने के बाद वे आगे भी परिवार के साथ समय बिता सकेंगे। लालू यादव को चारा घोटाले के तीन मामलों में सजा सुनाई गई है। वह रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय जेल में पिछले साल 23 दिसंबर से सजा काट रहे हैं।

Advertisement

तबीयत खराब होने के कारण उनका इलाज रिम्स में चल रहा है। गुरुवार को यहीं से उन्हें पैरोल पर छोड़ा गया था। इसके बाद वह विमान से पटना चले गए। मार्च में उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान भी लाया गया था। इस महीने की शुरुआत में उन्हें वापस रांची भेजा गया था।

TAGS: Lalu, yadav, provisional bail, high court, medical, grounds, fodder, scam
OUTLOOK 11 May, 2018
Advertisement