Advertisement
03 April 2018

राजस्थान में भाजपा की दलित विधायक का घर फूंका

file photo

राजस्थान के करौली जिले में आज हिंडौन सिटी की भाजपा विधायक राजकुमारी जाटव और कांग्रेस के पूर्व विधायक भरोसी लाल जाटव के घर को एक हिंसक भीड़ ने आग के हवाले कर दिया। ये दोनों नेता दलित वर्ग से आते हैं। घटना के बाद इलाके में कर्प्यू लगा दिया गया है।


करौली के जिला कलेक्टर अभिमन्यु कुमार ने बताया कि करीब पांच हजार लोगों की भीड़ ने हिंडौन सिटी स्थिति इन दोनों नेताओं के घरों में आग लगा दी। भरोसी लाल जाटव राज्य के पूर्व मंत्री भी रह चुके हैं। यह घटना सोमवार को दलित संगठनों के भारत बंद के एक दिन बाद हुई है। इस दिन राजस्थान सहित कई राज्यों में हिंसा की कई घटनाएं हुईं।

Advertisement

अभिमन्यु कुमार ने बताया कि कानून-व्यवस्था के मद्देनजर शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि शहर में सुबह से ही तनाव का माहौल है। इसी तनाव के बीच लोगों ने पत्थरबाजी और आगजनी की। दोपहर में दोनों नेताओं के घरों पर हमला किया और वहां आग लगा दी।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) एनआरके रेड्डी ने बताया कि हिंडौन सिटी के ट्रेडर्स एसोसिएशन और उच्च जाति के लोग आंदोलन कर रहे थे। इन लोगों ने जुलूस निकाला और एससी/एसटी बाहुल्य इलाकों में प्रवेश करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने लोगों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने और बाद में उन्हें तितर-बितर करने के लिए लाठी चार्ज के अलावा रबर बुलेट भी चलाए।

करौली के पुलिस अधीक्षक अनिल कायल ने बताया कि आगजनी और हिंसा की घटना के हिंडौन सिटी में करीब 40 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rajsthan, dalit, mla, bjp, congress, sc/st
OUTLOOK 03 April, 2018
Advertisement