Advertisement
16 February 2019

जम्मू-कश्मीर: पुलवामा के बाद राजौरी में IED ब्लास्ट, आर्मी मेजर शहीद

Symbolic Image

पुलवामा में हुए आतंकी हमले को अभी 48 घंटों के भीतर जम्मू कश्मीर में एक आर्मी अफसर शहीद हो गए। राज्य के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के समीप मेजर जांच के लिए जा रहे थे और आतंकियों द्वारा लगाए गए आईईडी को डिफ्यूज करते समय वो शहीद हो गए। खबर के मुताबिक मेजर इंजिनियर के जत्थे से थे। आईईडी नौशेरा सेक्टर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के 1.5 किलोमीटर अंदर लगाई गई थी।

पुलवामा हमले में 40 जवान शहीद

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों पर हुए सबसे बड़े आतंकवादी हमलों में से एक में सीआरपीएफ के कम से कम 40 जवान शहीद हो गए। पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए 40 जवानों को शनिवार को उनके पैतृक गांवों में पूरे राजकीय व सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गयी। हजारों लोगों के जनसमूह ने वंदे मातरम व भारत माता के जयकारों के बीच इन सैनिकों को अश्रुपूर्ण विदाई दी। वहीं इन हमलों के विरोध में कई प्रमुख शहरों में बाजार आधा दिन बंद रहे। 

Advertisement

सभी दलों ने पारित किया निंदा प्रस्ताव

पुलवामा आतंकवादी हमले के बाद आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत की दृढ़ता दिखाते हुए शनिवार को सभी दलों ने इस बात को रेखांकित किया कि हम भारत की एकता और अखंडता की रक्षा करते हुए आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हमारे सुरक्षा बलों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।

भाजपा और कांग्रेस सहित सभी दलों ने एक प्रस्ताव पारित करते हुए आतंकवादी हमले और सीमा-पार से उसे मिल रहे समर्थन की निंदा की।प्रस्ताव में पाकिस्तान का नाम नहीं लिया गया लेकिन इस बात पर जोर दिया गया कि भारत सीमा पार से आतंकवादी खतरे का सामना कर रहा है जिसे हाल ही में पड़ोसी देश के बलों द्वारा काफी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

TAGS: IED blast, rajauri blast, jammu kashmir, pulwama, army major killed
OUTLOOK 16 February, 2019
Advertisement