Advertisement
17 February 2018

आतंकवाद से मिलकर लड़ेंगे भारत-ईरान

pib

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने आज सुरक्षा, व्यापार तथा ऊर्जा के क्षेत्र में संबंध और मजबूत बनाने पर बल दिया। इस दौरान आतंकवाद से मिलकर लड़ने की भी बात की गई। दोनों नेताओं की दिल्ली के हैदराबाद हाउस में हुई मुलाकात के दौरान दोनों देशों में नौ समझौते भी किए गए।  


मुलाकात के बाद मोदी ने कहा कि हम दोनों चाहते हैं कि हमारे पड़ोसी आतंकवाद से मुक्त हों। दोनों देश अपने पड़ोसी अफगानिस्तान को सुरक्षित और समृद्ध देखना चाहते हैं। ईरानी राष्ट्रपति की तारीफ करते हुए मोदी ने कहा कि जिस तरह से चाबहार पोर्ट के लिए आपने सहयोग दिया उसके लिए मैं आपको धन्यवाद देता हूं।

Advertisement

मोदी ने कहा कि मैंने 2016 में तेहरान की यात्रा की थी और अब आप यहां आए हैं। यह हमारे रिश्तों को मजबूती देने वाला है।

इस मौके पर ईरानी राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा कि हमने पारगमन और अर्थव्यवस्था जैसे दो महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। हम दोनों देशों के बीच रेलवे का रिश्ता जोड़ने के अलावा और चाबहार पोर्ट का विकास चाहते हैं।


उन्होंने कहा कि दोनों देशों का रिश्ता व्यापार से ऊपर है और यह इतिहास से जुड़ा हुआ है। रुहानी ने समझौता करने के लिए भारत सरकार और यहां के लोगों का आभार जताया।

इस मौके पर मोदी और रुहानी ने संयुक्त डाक टिकट भी जारी किया।


TAGS: Primeminister, Narendra.Modi, Iran.President, Hassan, Rouhani
OUTLOOK 17 February, 2018
Advertisement