Advertisement
04 May 2020

देश में कोरोना के कुल 42,533 केस, 1,373 लोगों की मौत, तेजी से बढ़ रहा है ग्राफ

भले ही आज से लागू लॉकडाउन-3 में कई तरह की गतिविधियों को सरकार ने अनुमति दे दी है लेकिन इसका अर्थ यह कतई नहीं है कि कोरोना वायरस का संकट कम होने वाला है। बल्कि इसके उलट संकट अभी भी गंभीर हो रहा है। कोरोना के नए मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने से कुल केसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। देश में कोरोना के केसों की संख्या 42,533 तक पहुंच गई है। मरने वालों की संख्या 1,373 हो गई है। पिछले 24 घंटों में 2,553 नए मरीज पाए गए जबकि 72 लोगों की जान चली गई।

24 घंटों में एक हजार से ज्यादा लोग ठीक हए

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 29,453 सक्रिय केसों में से 11,706 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 1,373 लोगों की जान जा चुकी है। पिछले 24 घंटों के दौरान कम से कम 1,074 लोग कोरोना संक्रमण से ठीक हो गए। महाराष्ट्र में कोरोना संकट सबसे गंभीर है। वहां 12,974 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 548 की मौत हो चुकी है। वहां 2,115 लोग रिकवर हुए हैं। गुजरात में 5,428 और दिल्ली में 4,549 मरीज हैं। अन्य राज्यों में मध्य प्रदेश में 2,846, राजस्थान में 2886, तमिलनाडु में 3,023 और उत्तर प्रदेश में 2,645 मरीज हैं। मृतकों की संख्या में महाराष्ट्र सबसे आगे है। इसके अलावा गुजरात में 290, मध्य प्रदेश में 156, राजस्थान में 71 और दिल्ली में 64 लोगों की मौत हो चुकी है।

Advertisement

टेस्टिंग के मामले में भारत बेहतर

भारत में रविवार तक कोविड 19 के 10 लाख से अधिक टेस्‍ट किए जा चुके हैं। ऐसे में यदि 10 लाख टेस्‍ट कर चुके 5 अन्‍य बड़े देशों की तुलना भारत से करें तो देश की स्थिति काफी बेहतर दिखाई दे रही है। पॉजिटिव मामलों के लिहाज से यह सबसे निचले पायदान पर है। भारत के अलावा जो 5 अन्‍य देश कोविड 19 के 10 लाख से अधिक टेस्‍ट कर चुके हैं, उनमें भारत के लिहाज से संक्रमण के मामले कहीं अधिक हैं। भारत में 39,980 केस हैं। अमेरिका भी 10 लाख टेस्‍ट कर चुका है, वहां संक्रमण के 1,64,620 केस सामने आ चुके हैं। वहीं जर्मनी में 73,522 केस सामने आ चुके हैं। स्‍पेन में 2,00,194 केस सामने आ चुके हैं। तुर्की में कोविड 19 के अब तक 1,17,589 केस दर्ज किए गए हैं। वहीं इटली में 1,52,271 मामले सामने आए हैं। इस लिहाज से भारत की स्थिति ठीक है।

भारत में मृत्‍यु दर दक्षिण कोरिया, चीन, रूस से कम

मृत्‍यु दर के लिहाज से भी देश की स्थिति अन्‍य देशों की तुलना में ठीक है। इस मामले में भारत ने दक्षिण कोरिया, चीन, रूस और अमेरिका सबको पीछे छोड़ दिया है। ये आंकड़े जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी ने जारी किए हैं। भारत में कोरोना से मौत की दर सिर्फ 3.2 फीसदी है। यानी कोरोना से संक्रमित सौ लोगों में से 4 से भी कम लोगों की मौत हो रही है। अगर इस आकंड़े को जनसंख्या के आधार पर देखा जाए तो हर एक लाख लोगों में सिर्फ 0.09 लोगों की मौत हो रही है। भारत के बाद चीन में सबसे कम मौत की दर है। यहां 83,959 मामलों में से 5.5 फीसदी लोगों की मौत हुर्इ है। जबकि जनसंख्या के हिसाब से ये आंकड़ा 0.33 फीसदी पर बैठता है।

भारत में मृत्यु दर सबसे कमः हर्षवर्धन

वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.हर्षवर्धन ने बताया कि पिछले 14 दिनों में हमारा डबलिंग रेट जो 10.5 दिन था, पिछले 7 दिनों में 11.7 दिन हो गया और आज सुबह 12 दिन हो गया है। उन्होंने बताया कि हमारे यहां मृत्यु दर दुनिया में सबसे कम 3.2 फीसदी है। इतना ही नहीं कोरोना वायरस के टेस्ट के लिए रविवार से 310 सरकारी और 111 निजी टेस्टिंग लैब तैयार हो चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जिस देश में PPE किट और N95 मास्क बाहर से आयात करने पड़ते थे,आज हम एक दिन में 2 लाख से ज्यादा PPE किट बना बना रहे हैं। 50 लाख से ज्यादा N95 मास्क और 20 लाख से ज्यादा पीपीई किट हम देश को बांट चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि शनिवार को हमने 10 लाख टेस्ट के आंकडे को पार किया और एक दिन में 74,000 के करीब टेस्ट किए। देश में 319 ज़िले ऐसे हैं जो बीमारी से प्रभावित नहीं है। 130 ज़िले हॉटस्पॉट हैं, 284 ज़िले नॉन-हॉटस्पॉट हैं। हर्षवर्धन ने बताया कि हमने हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन, पेरासिटामोल जैसी दवाई दुनिया के 99 देशों को सप्लाई की है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: COVID-19, India, CORONA
OUTLOOK 04 May, 2020
Advertisement