Advertisement
14 June 2025

अहमदाबाद प्लेन क्रैश के मलबे की जांच तेज, अभी तक 274 लोगों की मौत की पुष्टि

अहमदाबाद विमान हादसे में मौत का आंकड़ा बढ़ गया है। मृतकों की संख्या अब 274 हो गई है। यह हादसा अब तक सबसे भीषण विमान दुर्घटना है।

दरअसल, गुरुवार को अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुई एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171 के मलबे से शुक्रवार को ब्लैक बॉक्स और 29 अन्य शवों के अवशेष बरामद किए गए। इसके साथ ही यह हादसा भारतीय विमानन इतिहास की सबसे भीषण एकल विमान दुर्घटना बन गया है। जिसमें अब तक 274 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

नए शवों की बरामदियों से यह स्पष्ट हुआ है कि विमान में सवार 241 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के अतिरिक्त, ज़मीन पर मौजूद 33 लोगों की भी इस हादसे में जान गई है। इनमें डॉक्टर, मेडिकल छात्र, कर्मचारी और उनके परिजन शामिल हैं जो बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास और आवासीय परिसर में मौजूद थे।

Advertisement

संयुक्त पुलिस आयुक्त (सेक्टर 1) नीरज बडगुजर ने जानकारी दी कि हादसे के करीब 28 घंटे बाद फ्लाइट का ब्लैक बॉक्स जिसमें फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर शामिल होता है बीजे मेडिकल कॉलेज के यूजी व पीजी मेस बिल्डिंग की छत से बरामद किया गया। जबकि विमान का इमरजेंसी लोकेशन ट्रांसमीटर गुरुवार रात को ही खोज लिया गया था। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने सोशल मीडिया के ज़रिए इस बरामदगी की पुष्टि करते हुए कहा कि यह ब्लैक बॉक्स हादसे के कारणों की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सरकारी अधिकारियों ने बताया कि अब तक 319 शरीर के अंग और अवशेष डीएनए परीक्षण के लिए भेजे जा चुके हैं ताकि मृतकों की शिनाख्त की जा सके। शुक्रवार को हादसे में लापता घोषित एक एमबीबीएस छात्र जय प्रकाश चौधरी के शव की पहचान उनके परिजनों ने की। इससे पहले तीन डॉक्टरों और एक गर्भवती महिला  जो एक न्यूरोसर्जरी रेजिडेंट की पत्नी थीं उनकी मौत की पुष्टि हो चुकी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Investigation, Ahmedabad plane crash, 274 people confirmed dead
OUTLOOK 14 June, 2025
Advertisement