Advertisement
02 March 2023

झारखंडः रामगढ़ में एनडीए समर्थित आजसू पार्टी की सुनीता चौधरी ने की जीत दर्ज, कांग्रेस को झटका

ANI

रांची। रामगढ़ विधानसभा उप चुनाव में एनडीए समर्थित आजसू पार्टी की सुनीता चौधरी की जीत दर्ज किया है। सुनीता पहली दफा विधानसभा पहुंची हैं। यहां की सीट पर लंबे समय तक आजसू का कब्जा रहा है। 2005, 2009, 2014 के चुनाव में भी नतीजा आजसू के पक्ष में हुआ था। 2019 के चुनाव में कांग्रेस की ममता देवी ने इस सीट पर कब्जा किया था। अदालत से उन्हें सजा और सदस्यता समाप्त होने के बाद up चुनाव कराया गया। सत्ताधारी यूपीए ने अपनी पूरी ताकत लगा दी थी मगर नतीजा अनुकूल नहीं रहा। हेमंत सोरेन के सत्ता में आने के बाद यह पांचवां उपचुनाव था। पूर्व के 4 उपचुनाव में यूपीए ने अपना कब्जा बरकरार रखा था।

यूपीए को मिली पराजय के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह सब धनबल का खेल है। सीएम ने कहा कि अभी तो सरकार ने काम शुरू ही किया है। कई चीजें धरातल पर पहुंची ही नहीं है। चिंता मत कीजिए, यह सब धनबल का खेल है। जो जनादेश मिला है हम उसका सम्मान करते हैं और विजयी उम्मीदवार को शुभकामना देते हैं।  फाइनल मैच अभी बाकी है।

आजसू प्रत्याशी सुनीता चौधरी ने कांग्रेस प्रत्याशी बजरंग महतो को 21970 से पराजित किया है। सुनीता चौधरी को 115669 और बजरंग महतो को 93699 वोट मिले। सुनीता चौधरी की जीत के बाद सुदेश महतो ने चूल्हा प्रमुख और सभी कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया।

Advertisement

आजसू के अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा, यह चुनाव सिर्फ उम्मीदवारों के बीच नहीं था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद इस चुनाव में जमकर प्रचार किया। यह उनकी पराजय है। यह 2024 के चुनाव के जनता के मिजाज का  संकेत है, संदेश है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 02 March, 2023
Advertisement