Advertisement
20 March 2019

होली मनाने में भी पीछे नहीं हैं ये राजनेता

FILE PHOTO

यूं तो आम लोग होली का जमकर लुत्फ उठाते हैं लेकिन कई नेता पूरी मस्ती में खोकर होली मनाते हैं। इनमे कुछ नेताओं की होली तो देश और राजनीतिक गलियारों में खासी फेमस रही है।

लालू की कुर्ताफाड़ होली

लालू की 'कुर्ताफाड़ होली' में अबीर-गुलाल ही नहीं गोबर-कीचड़ का भी रंग जमता था। उनके आवास पर होने वाली 'कुर्ताफाड़ होली' अद्भूत होती थी। हर तरफ नेताओं और कार्यकर्ताओं के कुर्ते फटे होते थे, बदन नंगे। लालू खुद ही अपने दरवाजे पर ढोल और मंजीरा लेकर गाने बैठ जाते थे। सुबह से ही होली के दिन लालू के आवास पर महफिल जम जाती थी। क्या नेता और क्या कार्यकर्ता सभी होली के रंगों में सरोबार होते थे।  

Advertisement

सोनिया गांधी

यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी हो या फिर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सभी होली में आने वाले नेताओं को रंग लगाने में नहीं चूकते। सोनिया गांधी के यहां होली के दिन नेताओं के आने का सिलसिला बना रहता है। विरोधी पार्टी के नेता भी उनके यहां होली में शरीक होते रहे हैं। इसमें चाहे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी हो या फिर लाल कृष्ण आडवाणी।

रामविलास पासवान

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान भी उल्लास के साथ होली मनाते हैं। होली के दिन सुबह से ही नेताओ का उनके यहां आना शुरू हो जाता है। सभी राजनैतिक दलों के नेता उनके पास होली मनाने जाते हैं। पिछले साल पासवान ने होली अपने दिल्ली आवास पर बेटे चिराग पासवान और अन्य लोगों के साथ बहुत धूम-धाम से मनाई थी। चिराग पासवान के द्वारा किया गया डांस भी काफी सुर्ख़ियों में आया था।

लालकृष्ण  आडवाणी

भाजपा के सीनियर नेता लालकृष्ण आडवाणी भी होली का पूरा मजा लेते हैं। उनके घर की होली काफी मशहूर है। उनके यहां होली पर खासतौर पर भाजपा और अन्य पार्टियों के नेताओं को बुलाया जाता है और होली खेली जाती है। होली के दिन पूरा माहौल खुशनुमा बना रहता है। 

शिवराज सिंह चौहान

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी धूमधाम से होली मनाते हैं। राजनीति से अलग भी वह कई शौक रखते हैं। शिवराज नेताओं के साथ होली तो खेलते ही हैं और हारमोनियम, गाने-बजाने आदि जैसे कार्यक्रम का आयोजन भी करते हैं। पिछले साल  शिवराज सिंह चौहान ने खुद से हारमोनियम की धुनों पर होली की फागों को सुनाया था।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: know, about, leader, whose, holi, famous
OUTLOOK 20 March, 2019
Advertisement