Advertisement
15 August 2024

स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली में हल्की बारिश, अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस

file photo

राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के लिए सामान्य है। बादल छाए रहे, हल्की बारिश हुई और उमस भरी गर्मी ने गणमान्य व्यक्तियों और आम जनता का स्वागत किया, जब वे सुबह 78वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुनने के लिए लाल किले पर एकत्र हुए।

लाल किले की प्राचीर पर मध्यम हवाएं चलने के बावजूद, उच्च आर्द्रता ने कई लोगों को कुछ असुविधा दी, जिन्हें हाथ में पंखे लेकर ठंडक लेते देखा गया। शहर में शाम को फिर से हल्की बारिश हुई। सफदरजंग वेधशाला ने दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक 3.2 मिमी बारिश दर्ज की, जबकि लोधी रोड वेधशाला ने 7.4 मिमी बारिश दर्ज की।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के लिए सामान्य है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आर्द्रता 92 प्रतिशत और 98 प्रतिशत के बीच रही।

Advertisement

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी का 24 घंटे का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम 4 बजे 71 के साथ "संतोषजनक" श्रेणी में दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को "अच्छा", 51 और 100 को "संतोषजनक", 101 और 200 को "मध्यम", 201 और 300 को "खराब", 301 और 400 को "बहुत खराब" और 401 और 500 को "गंभीर" माना जाता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 15 August, 2024
Advertisement