Advertisement
31 May 2018

विधानसभा नतीजे: पश्चिम बंगाल में टीएमसी जीती, भाजपा को 62,827 वोटों से हराया

File Photo

देश की 4 लोकसभा और 11 विधानसभा सीटों पर 28 मई को हुए उपचुनाव के नतीजे आज (गुरुवार) आए। इन चुनावों में एक बात साफ तौर पर उभरकर सामने आई कि विपक्ष एकजुट होकर भाजपा को मात दे सकता है। 2019 लोकसभा चुनाव से पहले इन नतीजों के संकेत साफ हैं कि विपक्षी एकता और क्षेत्रीय दलों का अहम रोल रहेगा। कांग्रेस भी क्षेत्रीय पार्टियों के सहयोग का महत्व समझ गई है। पश्चिम बंगाल के महेश्तला में टीएमसी के दुलाल दास ने भाजपा के सुजीत घोष को 62,187 वोटों से हराया।

4 लोकसभा, 11 विधानसभाएं

जिन लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आए, उनमें यूपी की कैराना, महाराष्ट्र की भंडारा-गोंदिया और पालघर और नगालैंड की एक लोकसभा सीट शामिल है। वहीं, 11 विधानसभा सीटों के रिजल्ट पर भी सियासी दलों की नजरें हैं। ये 11 सीटें हैं- पलुस कादेगांव (महाराष्ट्र), नूरपुर (यूपी), जोकीहाट (बिहार), गोमिया और सिल्ली (झारखंड), चेंगानूर (केरल), अंपाती (मेघालय), शाहकोट (पंजाब), थराली (उत्तराखंड) और मेहेशतला (पश्चिम बंगाल), आरआरनगर (कर्नाटक)।

Advertisement

कैराना में विपक्षी एकता ने दी भाजपा को मात

इन चुनावों में सबसे ज्यादा नजर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कैराना लोकसभा सीट पर थी। अजित सिंह और जयंत चौधरी की पार्टी राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) भाजपा को पटखनी दे दी है। रालोद को सपा, कांग्रेस, बसपा की तरफ से समर्थन हासिल था। नतीजतन, रालोद की प्रत्याशी तबस्सुम हसन ने भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह को 44,618 वोटों के भारी अंतर से हरा दिया। साथ ही नूरपुर विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के नईमुल हसन ने 6211 वोट से जीत हासिल की। यहां रालोद ने सपा के समर्थन में अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था।

15 सीटों में भाजपा को मिलीं सिर्फ दो सीटें

उपचुनावों में क्षेत्रीय पार्टियों का दबदबा साफ दिखा है। कुल 15 सीटों (4 लोकसभा- 11 विधानसभा) पर चुनाव हुए, जिनमें भाजपा सिर्फ दो पर जीत सकी है। भाजपा उत्तराखंड की थराली विधानसभा सीट और महाराष्ट्र की पालघर लोकसभा सीट ही बचा पाई। नागालैंड की एक सीट पर उसके सहयोगी दल एनडीपीपी ने जीत हासिल की।

योगी के सीएम रहते भाजपा यूपी में हारी चार चुनाव

योगी आदित्यनाथ के शासन में प्रदेश में अब तक तीन लोकसभा और दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए हैं। फूलपुर, गोरखपुर, कैराना लोकसभा और नूरपुर, सिकंदरा विधानसभा। इनमें सिर्फ सिकंदरा की सीट भाजपा के खाते में गई है। यानी योगी के सीएम रहते भाजपा यूपी मेें चार चुनाव हार चुकी है।

लोकसभा उपचुनाव नतीजे:

कैराना (उत्तर प्रदेश)

रालोद प्रत्याशी तबस्सुम हसन ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह को 44,618 वोटों से हराया। रालोद प्रत्याशी तबस्सुम हसन को 4,81,182 वोट मिले जबकि बीजेपी की मृगांका को 4,36564 वोट मिले।  

पालघर और भंडारा-गोंदिया (महाराष्ट्र)

महाराष्ट्र की पालघर लोकसभा सीट से बीजेपी के राजेंद्र गावित ने शिवसेना के श्रीनिवास वांगा को 29,574 वोटों से हराया। गावित को 2,72,780 और वांगा को 2,43,206 वोट मिले।

वहीं, भंडारा और गोंदिया सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस (एनसीपी) के मधुकर कुकडे ने जीत हासिल की है। कुकडे को 2,26,977 वोट मिले हैं। वहीं, भाजपा के हेमंत पटले दूसरे नंबर पर रहे हैं। पटले को 2,02,138 वोट हासिल हुए। कुकडे ने 24,839 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है।

नागालैंड की एक लोकसभा सीट

भाजपा की सहयोगी पार्टी एनडीपीपी के प्रत्याशी ने एनडीएफ उम्मीदवार को 1.73 लाख से अधिक वोटों से हराया।

विधानसभा उपचुनाव नतीजे 

1. नूरपुर (उत्तर प्रदेश)

नूरपुर में सपा ने जीत दर्ज की है। यहां समाजवादी पार्टी के नईमुल हसन ने 5,662 वोटों से जीत हासिल की। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार अवनी सिंह को हराया। 

2. शाहकोट (पंजाब)

शाहकोट विधानसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अकाली दल के उम्मीदवार नायब सिंह कोहाड़ को 38,802 मतों से पराजित कर अकाली दल से यह सीट छीन ली। कांग्रेस को 82,745 मत मिले। अकाली दल के नायब सिंह कोहाड़ को कुल 43,944 और आम आदमी पार्टी (आप) को कुल 1900 मत प्राप्त हुए।

3. पलुस कादेगांव (महाराष्ट्र)

पलुस-कादेगांव विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार विश्वजीत पतंगराव कदम निर्विरोध चुने गए।

4. जोकीहाट (बिहार)

अररिया की जोकीहाट विधानसभा सीट पर आरजेडी के शाहनवाज आलम जीते। उन्होंने 41224 वोटों से जीत दर्ज की।

5. आरआरनगर (कर्नाटक)

आरआर नगर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मुनिरत्ना ने 41,162 वोटों से जीत दर्ज की। यही वह सीट है जहां लगभग 10,000 फर्जी वोटर आईडी कार्ड मिले थे। 

6. गोमिया (झारखंड)

झारखंड की गोमिया विधानसभा सीट से जेएमएम उम्मीदवार बबिता देवी में जेवीएम के लंबोदर महतो को करीब 1300 वोटों से हराया।

7. सिल्ली (झारखंड)

सिल्ली विधानसभा सीट से झारखंड मुक्ति मोर्चा की उम्मीदवार सीमा महतो जीतीं। सीमा ने आजसू के सुदेश महतो को 13,510 वोटों से हराया है।

8. थराली (उत्तराखंड)

थराली उपचुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच लगातार कांटे की टक्कर दिखी। शुरुआती रुझान में दोनों दल एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देते भी दिखे, लेकिन 15 दौर तक चले मतगणना के बाद बीजेपी प्रत्याशी मुन्नी देवी ने 1,981 मतों के अंतर से जीत हासिल कर ली। उन्होंने कांग्रेस के जीतराम को हराया।

9. अंपाती (मेघालय)

मेघालय की अंपाति सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मियानी डी शिरा ने जीत दर्ज की है। उऩ्होंने एनपीपी प्रत्याशी क्लीमेंट जी मोमिन को 3,191 वोटों से पराजित किया। शिरा कांग्रेस नेता मुकुल संगमा की बेटी हैं।

10. चेंगानूर (केरल)

यहां सीपीआई(एम) के नेतृत्व में एलडीएफ के साजी चेरियान ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ के उम्मीदवार डी विजयकुमार को हराया। चेरियान ने 20,956 वोटों से जीत दर्ज की। चेरियान को 67,303 वोट मिले जबकि डी विजयकुमार को 46,347 वोट मिले।

11. महेश्तला (पश्चिम बंगाल)

महेश्तला में टीएमसी के दुलाल दास ने भाजपा के सुजीत घोष को 62,187वोटों से हराया। दुलाल दास को 1,04,818 ,सुजीत घोष को 42,053 और लेफ्ट फ्रंट के प्रभात चौधरी को 30,384 वोट मिले।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Live updates, 11 assembly seats, noorpur, shahkot, ampati, rrnagar, jokihaat, pulus kadegaon
OUTLOOK 31 May, 2018
Advertisement