Advertisement
20 April 2021

ऑक्सीजन की कमी की वजह से महाराष्ट्र में जल्द लग सकता है संपूर्ण लॉकडाउन, कैबिनेट ने की सिफारिश

ANI

महाराष्ट्र में जल्द ही सख्त लॉकडाउन का ऐलान किया जा सकता है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि गंभीर लॉकडाउन इस समय की जरूरत है। मंगलवार को कैबिनेट में इस बात को आगे रखा गया था। कैबिनेट ने सख्त लॉकडाउन की सिफारिश की है।

स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, ''हमने मुख्यमंत्री से कल रात 8 बजे से संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की अपील की है। सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री से यह अपील की है। अब मुख्यमंत्री को फैसला लेना है।'' हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कल रात 8 बजे के बाद सीएम संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा करेंगे।  उन्होंने कहा कि सख्त लॉकडाउन के अलावा कोई विकल्प ही नहीं है। स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव है और मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन सप्लाई की स्थिति भी गंभीर हैं। हमें दो हजार टन से ज्यादा लिक्विड ऑक्सीजन नहीं मिलेगा क्योंकि कोटा पहले से तय है। हमें 300 मीट्रिक टन ऑक्सीजन अन्य राज्यों से भी मिल रही है।

मंत्री असलम शेख ने कहा कि मेडिकल ऑक्सीजन की कमी की वजह से यह फैसला लिया गया है। इसके लिए जल्द ही गाइडलाइंस जारी की जाएगी। असलम शेख ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा, ''मेडिकल ऑक्सजीन की कमी की वजह से राज्य संपूर्ण लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा है।''

Advertisement

महाराष्ट्र में 1 मई तक धारा 144 लागू है और ब्रेक द चेन मुहिम के तहत सभी गैर जरूरी गतिविधियों और सेवाओं पर रोक है। सरकार ने आज ही कोविड गाइडलाइंस में बदलाव करते हुए कहा है कि राज्य में अब किराना और खाने-पीने की वस्तुओं की दुकानें भी केवल 4 घंटे के लिए खुलेंगी। पहले नाइट कर्फ्यू, फिर वीकेंड लॉकडाउन और अब मिनी लॉकडाउन के बावजूद कोरोना संक्रमण पर लगाम नहीं लग पा रही है।

1 मई से 18 वर्ष से ज्यादा उम्र के सभी लोगों के टीकाकरण के फैसले को लेकर राजेश टोपे ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार को केंद्र से कोई चिट्ठी नहीं मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि टीकाकरण अभियान पूरी तेजी से चलेगा और जरूरत पड़ी तो हम विदेशों से सीधी खरीद के लिए केंद्र से अनुमति लेंगे।''

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Maharashtra, complete, lockdown, oxygen, Cabinet recommends
OUTLOOK 20 April, 2021
Advertisement