Advertisement
14 November 2019

नहीं रहे गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह, नासा से लेकर वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी का सफर और गुमनामी

File Photo

प्रसिद्ध गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह का पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) में निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। बताया जा रहा है कि वशिष्ठ नारायण सिंह पिछले कई सालों से बीमार चल रहे थे। उनका पटना के पीएमसीएच अस्पताल में इलाज चल रहा था। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वशिष्ठ के निधन पर शोक जताया और कहा कि वशिष्ठ बाबू के निधन से बेहद दु:ख हुआ है। उन्होंने अपने ज्ञान से पूरे बिहार का नाम रोशन किया है।

अस्पताल प्रशासन ने नहीं मुहैया कराई एंबुलेंस

वशिष्ठ नारायण सिंह का पार्थिव शरीर अस्पताल परिसर में करीब डेढ़ घंटे तक स्ट्रेचर पर रखा रहा। अस्पताल प्रशासन की तरफ से एंबुलेंस नहीं मुहैया कराई गई। उनके भाई को वशिष्ठ सिंह के पार्थिव शरीर के साथ काफी देर तक अस्पताल के बाहर खड़ा रहना पड़ा। उनके भाई ने बताया कि एंबुलेंस वाले ने पार्थिव शरीर भोजपुर ले जाने के लिए पांच हजार रुपए मांगे। बाद में कलेक्टर कुमार रवि और कुछ नेता पहुंचे, जिसके बाद पार्थिव देह को एंबुलेंस से उनके पैतृक आवास भोजपुर ले जाने की व्यवस्था हुई।

Advertisement

वशिष्ठ नारायण सिंह को हाल ही में इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। गुरुवार को उनकी तबीयत बिगड़ने पर उनके परिजन दोबारा उन्हें अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि जिस वक्त उन्हें अस्पताल लाया गया, उस समय तक उनका ब्रेन डेड हो चुका था।

गणित के कई फॉर्मूलों पर किया था शोध

वशिष्ठ नारायण सिंह मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले थे। वह बचपन से ही होनहार छात्र थे। उन्होंने गणित से जुड़े कई फॉर्मूलों पर शोध भी किया था। वे पटना साइंस कॉलेज में पढ़ रहे थे तभी कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर जॉन कैली की नजर उन पर पड़ी जिसके बाद वशिष्ठ नारायण 1965 में अमेरिका चले गए और वहीं से 1969 में उन्होंने पीएचडी की थी। वह वॉशिंगटन विश्वविद्यालय में एसोसिएट प्रोफेसर बन गए। उन्होंने नासा में भी काम किया लेकिन मन नहीं लगा और 1971 में भारत लौट आए। पहले आईआईटी कानपुर, फिर आईआईटी बंबई और फिर आईएसआई कोलकाता में नौकरी की।

आंइस्टीन के सापेक्षता सिद्धांत को दी थी चुनौती

वशिष्ठ नारायण सिंह ने आंइस्टीन के सापेक्षता सिद्धांत को चुनौती दी थी। उनके बारे में मशहूर है कि नासा में अपोलो की लांचिंग से पहले जब 31 कंप्यूटर कुछ समय के लिए बंद हो गए तो कंप्यूटर ठीक होने पर उनका और कंप्यूटर्स का कैलकुलेशन एक था।

सीएम नीतीश कुमार ने जताया शोक

गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वशिष्ठ बाबू के निधन से बहुत दुख हुआ है। उन्होंने अपने ज्ञान से पूरे बिहार का नाम रोशन किया है। मैं वशिष्ठ बाबू के जाने से मर्माहत हूं। मैं उनको श्रद्धांजलि देता हूं। वहीं, नवादा से सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह के निधन पर शोक जताया है। गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर लिख हमने एक मणि खोया है। प्रभु उनकी आत्मा को शांति दे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Mathematician, vashishth narayan singh, einstein's theory of relativity
OUTLOOK 14 November, 2019
Advertisement