Advertisement
15 April 2020

मेघालय में कोरोना संक्रमित डॉक्टर ने तोड़ा दम, राज्य में पहली मौत

PTI

मेघालय में कोरोनावायरस संक्रमित 69 वर्षीय डॉक्टर जॉन एल सेलो रेनतयांग की मौत हो गई है। राज्य में यह पहली मौत हैं। डॉक्टर के संपर्क में आए परिवार के छह अन्य लोग भी टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। डाक्टर का यात्रा का कोई इतिहास नहीं है। उसके संपर्कों की सूची तैयार की जा रही है।

राज्य के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि 69 वर्षीय डॉक्टर जॉन एल सेलो का तड़के निधन हो गया। वह बेथनी अस्पताल के संस्थापक थे। उनमें सोमवार शाम कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, 'मुझे यह बताते हुए काफी दुख हो रहा है कि मेघालय में कोविड-19 से संक्रमित पाए गए पहले शख्स का निधन हो गया। उनके परिवार और प्रियजनों के साथ मेरी संवेदनाए हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।' उन्होंने कहा: "अब तक के 68 टेस्ट में छह पॉजिटिव पाए गए है जो सभी उनके परिवार के सदस्य हैं।"

यात्रा का नहीं है कोई इतिहास

Advertisement

मुख्यमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा, "छह अन्य मामलों का फिर से टेस्ट किया जा रहा है। वर्तमान में हम शिलांग में अस्पताल के पास खासतौर से बेथनी अस्पताल के आसपास के क्षेत्रों को सेनेटाइज करा रहे हैं। आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है।" संगमा ने कहा कि मेघालय में पहला कोविड-19 पॉजिटिव आने के बाद टेस्ट के लिए 90 नमूने भेजे गए हैं। डॉक्टर के प्राथमिक और दूसरे संपर्कों की सूची बनाई जा रही है। डाक्टर का यात्रा का कोई इतिहास नहीं है सिवाय इसके के उनका दामाद कोविड-19 से संक्रमित देशों में पायलट है। वह 22 मार्च को घर लौट आया है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, उसमें कोरोना वायरस के कोई लक्षण नहीं दिखते।

देश में कोरोना के मामले 11 हजार के पार

देश में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 11 हज़ार के पार हो गई है। वहीं मौत का आंकड़ा भी चार सौ के करीब पहुंच गया है।covid19india.org के मुताबिक, अब तक कोरोना वायरस के 11,625 मामलों की पुष्टि हुई है। जबकि 398 मरीजों की मौत हो गई है। राजधानी दिल्ली में  24  घंटे में सिर्फ 51 नए मामले दर्ज हुए हैं, जबकि सोमवार को दिल्ली में 356 नए मामले सामने आए थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 15 April, 2020
Advertisement