Advertisement
29 May 2020

गोवा के सीएम ने दिए संकेत- लॉकडाउन 15 दिन और बढ़ा सकता है गृह मंत्रालय

आगामी 31 मई को खत्म हो रहा लॉकडाउन-4 आगे भी जारी रह सकता है। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि मौजूदा लॉकडाउन 15 दिन आगे बढ़ाया जा सकता है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनकी गुरुवार को बातचीत हुई थी।

पणजी में पर्यटन विभाग के एक कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में सांवत ने कहा कि उनकी अमित शाह से कल बातचीत हुई थी। संभव है कि लॉकडाउन 15 दिन और बढ़ाया जा सकता है। सीएम ने कहा कि देश में कोरोना मरीजों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। इस वजह से लॉकडाउन को बढ़ाने की आवश्यकता है।

उन्हंने कहा कि गोवा सरकार रेस्टोरेंट, होटल, मॉल्स और जिम खुलवाने के बारे में प्रयास करेगी। हालांकि सोशल डिस्टेंसिंग के नियम पहले की तरह लागू रहेंगे। गोवा में होटल, रेस्टोरेंट, मॉल्स और जिम को छोड़कर अधिकांश गतिविधियां शुरू हो चुकी है। हमारा मानना है कि इन्हें सोशल डिस्टेंसिंग नियमों के साथ खोला जाना चाहिए। हम इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय से अनुरोध करेंगे। मंत्रालय शनिवार को नई गाइडलाइन जारी कर सकता है। गोवा में इस समय 31 एक्टिव केस हैं।

Advertisement

देश में कोरोना संक्रमण फैलने की रफ्तार तेज है। अब तक 1 लाख 65 हजार से अधिक मामलों की पुष्टि हो चुकी है। जबकि 4,700 से अधिक लोग इस वायरस की वजह से अपनी जान गवां चुके हैं। इस वायरस के प्रकोप से आर्थिक राजधानी मुंबई सबसे ज्यादा प्रभावित है। वहीं, देश की राजधानी में भी अब हर दिन रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं। देश में फिलहाल सक्रिय मामलों की संख्या 89,745 है। वहीं, 70,920 लोग ठीक हो चुके हैं।

कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले जनता कर्फ्यू लागू किया। उसके बाद चार चरणों में लॉकडाउन लागू कर चुके हैं। सरकार लॉकडाउन में छूट दे रही है ताकि आर्थिक गतिविधियां दोबारा पटरी पर आ सकें। आर्थिक गतिविधियां ठप पड़ने से प्रवासी मजदूरों की घर वापसी के अलावा भी कई तरह की गंभीर समस्याएं सामने आई हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: lockdown, Goa CM, MHA
OUTLOOK 29 May, 2020
Advertisement