Advertisement
02 May 2020

दिल्ली से बिहार जा रहे प्रवासी मजदूर की यूपी के शा​हज​हांपुर में मौत, साइकिल से जा रहा था घर

PTI

लॉकडाउन के चलते दिल्ली से बिहार साइकिल से जा रहे कुछ मजदूरों में से एक प्रवासी मजदूर की यूपी के शाहजहांपुर में मौत हो गई। मृतक के बाकी साथियों को आइसोलेशन में रखा गया है। मृतक की पहचान धर्मवीर के रूप में हुई है। 

पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर प्रवीण कुमार ने शनिवार को बताया कि 32 वर्षीय धर्मवीर कुछ अन्य मजदूरों के साथ 28 अप्रैल को साइकिल से दिल्ली से बिहार के खगड़िया जिले के लिए चला था। शुक्रवार की रात वे शाहजहांपुर में दिल्ली-लखनऊ राजमार्ग पर रुके। जब धरमवीर की हालत बिगड़ गई, तो मजदूर उसे मेडिकल कॉलेज ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

साथी मजदूरो को किया गया है क्वारेंटाइन

Advertisement

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव गुप्ता ने कहा कि धर्मवीर के नमूने कोविड-19 की जांच के लिए भेज दिए गए हैं। उनके साथी मजदूरों को क्वारेंटाइन किया गया है और उनके नमूने भी परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे। मृतक मजदूर के साथियों ने बताया कि वे सभी बिहार के रहने वाले हैं। दिल्ली में रहकर मजदूरी करके बिहार में परिवार को पैसा भेजते थे। लॉकडाउन के बाद उन्हें किसी तरह की मदद नहीं मिली। उनके पास पैसा भी न होने के कारण सभी ने साइकिल से बिहार जाने का फैसला किया।

मजदूरों की बेबसी, एमपी में कंक्रीट मिक्सर ट्रक के टैंक में जाते प्रवासी

 

स्पेशल ट्रेन को दी मंजूरी

कोरोना वायरस की वजह से देश में लॉकडाउन जारी है जिसके कारण अलग-अलग हिस्सों में प्रवासी मजदूर, छात्र और पर्यटक फंसे हुए हैं। सबसे बुरी हालत प्रवासी मजदूरों की है, जिनके पास रहने और खाने का कोई ठिकाना नहीं है। अब मोदी सरकार ने प्रवासी मजदूरों और छात्रों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाकर राहत दी है। राज्यों के अनुरोध के बाद केंद्र सरकार ने शुक्रवार से अलग-अलग राज्यों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की अनुमति दे दी है। अब यूपी, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों के प्रवासी मजदूर ट्रेन के माध्यम से अपने घरों को जा सकेंगे। राजस्थान के जयपुर से 1,187 प्रवासी श्रमिकाें काे लेकर पहली ‘श्रमिक स्पेशल’ ट्रेन बिहार के दानापुर स्टेशन, शनिवार को दोपहर बाद पहुंच गई है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Migrant, Worker, Home, Delhi, Bihar, Bicycle, Dies, UP
OUTLOOK 02 May, 2020
Advertisement