Advertisement
25 August 2016

निर्भया गैंगरेप : दोषी विनय ने तिहाड़ में खुदकुशी की कोशिश की, हालत गंभीर

निर्भया गैंगरेप में दोषी विनय ने तिहाड़ जेल में खुदकुशी की कोशिश की | गूगल


विनय शर्मा तिहाड़ के जेल नंबर-8 में बंद है। फिलहाल उसे दीन दयाल उपाध्‍याय अस्पताल के वार्ड नंबर-9 में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जेल अधिकारियों ने बताया कि शर्मा रात करीब साढ़े नौ बजे जेल की कोठरी में फांसी लगाने की कोशिश कर रहा था तभी तमिलनाडु के विशेष पुलिस जवान ने उसे रोक दिया। जेल के सूत्रों ने बताया कि आत्महत्या का प्रयास करने से पहले उसने भारी मात्रा में अवसाद मिटाने वाली गोलियां खायी थीं। शर्मा अवसादग्रस्त था इसलिए उसे दवाईयां दी जा रही थीं। दरअसल, पिछले साल विनय ने जेल में अन्‍य कैदियों द्वारा पीटे जाने का आरोप लगाते हुए अधिक सुरक्षा की मांग की थी।

उल्‍लेखनीय है कि 16 दिसंबर 2012 को दक्षिण दिल्ली में छह लोगों ने चलती बस में एक 23 वर्षीय मेडिकल छात्रा के साथ बर्बरता से सामूहिक बलात्कार किया था। बाद में सिंगापुर के एक अस्पताल में युवती की मौत हो गई थी। सामूहिक बलात्कार के चार दोषियों-अक्षय ठाकुर, विनय शर्मा, मुकेश सिंह और पवन गुप्ता को अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी।

इस मामले का मुख्य आरोपी राम सिंह मार्च 2013 को तिहाड़ जेल के अपने कमरे में मरा हुआ पाया गया था, जिसके बाद उसके खिलाफ कार्रवाई रोक दी गई थी। इस मामले के नाबालिग दोषी को तीन साल के लिए सुधार गृह में रहने की सजा दी गई थी। पिछले साल दिसंबर में उसे सुधार गृह से रिहा कर दिया गया था।

TAGS: निर्भया, गैंगरेप, विनय शर्मा, खुदकुशी, तिहाड़ जेल, फांसी, nirbhya, gang rape, accused, vinay Sharma, attempt to suicide, tihad prison
OUTLOOK 25 August, 2016
Advertisement