Advertisement
17 June 2020

देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 3.54 लाख से ज्यादा, अब तक 12,065 लोगों ने गंवाई जान

चीन के वुहान शहर से फैले कोरोना वायरस का कहर भारत में लगातार बढ़ता जा रहा है। नए संक्रमित मरीजों की संख्या तो लंबे समय से बढ़ ही रही है, अब मरने वालों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ने लगा है। मरने वालों की संख्या में अचानक वृद्धि चिंता पैदा करने वाली है। कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 3,60,795 हो गई है। Covid19india.org के मुताबिक, भारत में कोरोना के अभी 1,57,079 एक्टिव मामले हैं। जबकि 1,91,607 लोग स्वस्थ या डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं मरने वालों की संख्या 12,065 हो गई है।   

महाराष्ट्र में संक्रमण का आंकड़ा 1,13,445 हुआ

 

Advertisement

देश में महाराष्ट्र कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 3307 नए मामले सामने आए हैं। नए केस के सामने आने के साथ ही राज्य में पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर एक लाख तेरह हजार 445 हो गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में 114 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक इस वायरस से 5651 लोगों की मौत हो चुकी है।

 

सिर्फ मुंबई में 1359 नए मामले

 

सिर्फ मुंबई में ही कोरोना वायरस के 1359 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही आर्थिक राजधानी मुंबई में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 61501 हो गई है। वहीं, इस वायरस की वजह से 77 और लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 3242 हुई। वहीं, मुंबई के धारावी क्षेत्र में संक्रमण के कुल 2,089 मामले सामने आ चुके हैं और महामारी से अब तक 77 लोगों की मौत हो चुकी है।

दिल्ली में संक्रमित 45 हजार के करीब

दिल्ली में संक्रमण के कुल मामले 44,688 हो चुके हैं। अब तक 1,837 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक कुल 16,500 मरीज इलाज के बाद ठीक होकर घर जा चुके हैं। दिल्ली में कोरोना से मरने वाले की दर 4.11 प्रतिशत है, वहीं, रिकवरी रेट 36.92% है।

हरियाणा में 8,381 मामले

हरियाणा में कोरोना के कुल मामले 8,381 हो गए हैं। अब तक 3,770 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 118 लोगों की मौत हुई है। झारखंड में कोरोना के कुल केस 1,839 हुए। राज्य में ऐक्टिव केस 796 हैं और अब तक 10 की मौत हो गई। वहीं, उत्तराखंड की बात करें तो यहां कोरोना के कुल मामले 2,023 हुए है।

पश्चिम बंगाल में 415 नए केस, दस की मौत

राजस्थान में बुधवार सुबह कोरोना के 235 नए मामले सामने आए हैं और 7 की मौत हुई है। आज 177 लोग ठीक भी हो चुके हैं। राज्य में अभी कुल केस 13,216 हैं। अब तक 9,962 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 308 की मौत हो चुकी है। वहीं, पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 415 नए केस सामने आए हैं और 10 लोगों की मौत हुई। राज्य में कुल केस 11,909 हुए, अब तक 495 की मौत हुई है।

यूपी में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 15181 पहुंचा

उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के सर्वाधिक 16159 नमूने जांचे गए तो सबसे ज्यादा 591 मरीज भी सामने आए। वहीं 15568 लोगों के नमूनों की रिपोर्ट निगेटिव आई। अब कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 15181 पहुंच गया है। वहीं, इस खतरनाक वायरस ने एक दिन में सर्वाधिक 30 लोगों की जान भी ली। अब तक 465 मरीज दम तोड़ चुके हैं। प्रदेश में बुधवार को 335 रोगी और स्वस्थ हुए। अभी तक 9235 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। यानी 61 फीसद रोगी ठीक हुए हैं। अब एक्टिव केस बढ़कर 5477 हो गए हैं।

दुनियाभर में 4.45 लाख लोगों की हुई मौत

दुनियाभर में कोरोना वायरस महामारी से अभी तक 4.45 लाख आबादी की मौत हो चुकी है। आंकड़ों के मुताबिक अभी तक 82.56 लाख लोग वायरस की चपेट में आ चुके हैं। जबकि 4.45 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। अभी तक 43.06 लाख लोग ठीक हुए हैं। अमेरिका में 22 लाख लोग लोग संक्रमित हो चुके हैं और 1.19 लाख की मौत हुई है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Number of corona infected, country, more than 3.54 lakhs, 12065 people, lost their lives
OUTLOOK 17 June, 2020
Advertisement