Advertisement
24 December 2021

ओमिक्रॉनः MP और UP के बाद अब हरियाणा में नाइट कर्फ्यू, गुजरात के इन शहरों में भी सख्ती

FILE PHOTO

ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बाद अब हरियाणा ने नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान कर दिया है। राज्य में क्रिसमस की रात से 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगा होगा। इस दौरान सिर्फ जरूरी सेवाएं खुली रहेंगी। इससे पहले मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश ये कदम उठा चुके हैं। इसके अलावा गुजरात के 8 शहरों में भी नाइट कर्फ्यू लगाया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज एलान किया है कि हरियाणा में 1 जनवरी से कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज न लेने वाले व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थानों पर एंट्री नहीं मिलेगी। इस तरह के प्रतिबंध लगाने वाला हरियाणा पहला राज्य बन गया है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रदेश में ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों की संभावना के मद्देनजर लोगों की सुरक्षा के लिए एक जनवरी से सार्वजनिक स्थलों व अन्य कार्यक्रमों में 200 से अधिक लोगों के एकत्र होने पाबंदी लगाई गई है। एक समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि पब्लिक सेक्टर से संबंधित संस्थानों में एंट्री के लिए टीकाकरण की दोनों डोज को अनिवार्य करें।  उन्होंने कहा कि ओमिक्रॉन के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए जरूरी है कि लोगों को अधिक से अधिक जागरुक किया जाए। टीकाकरण की तरफ अधिक ध्यान दिया जाए। 

Advertisement

कोविड की स्थिति को देखते हुए 25 दिसंबर से गुजरात के अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, राजकोट, भावनगर, जामनगर, गांधीनगर और जूनागढ़ में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। पहले यहां रात को 1 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू था। अब इसे 11 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू लागू रहेगा।

देश के कई राज्यों में कोरोना का नया वेरिएंट ओमिक्रॉन तेजी से अपने पैर फैला रहा है। ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए एक बार फिर से कई राज्यों में प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं.।ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों ने कोविड की तीसरी लहर की संभावना को तेज कर दिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Omicron, MP, UP, night curfew, Haryana, Gujarat.
OUTLOOK 24 December, 2021
Advertisement