Advertisement
01 May 2018

चीन सीमा का मुआयना करेगी शशि थरूर की टीम, राहुल गांधी भी होंगे शामिल

File Photo

विदेश मामलों पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अध्यक्षता में गठित संसद की स्थाई समिति चीन सीमा का मुआयना करेगी। यह समिति डोकलाम संकट के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए अगले महीने सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों का समिति दौरा करेगी। इस टीम में कांग्रेस अध्यक्ष और अमेठी सांसद राहुल गांधी भी शामिल होंगे। क्योंकि राहुल भी इस कमेटी के सदस्य हैं।

डोकलाम में चीन के साथ सैन्य गतिरोध को लेकर विदेश मंत्रालय की संसदीय समिति को पूर्व विदेश सचिव के साथ ही मौजूदा विदेश सचिव विजय गोखले कई बार सफाई दे चुके हैं। संसदीय समिति डोकलाम गतिरोध के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। विजय गोखले इस मामले पर बराबर नजर रखे हैं। वे समिति को बराबर अपडेट भी कर रहे हैं।

दौरे का मकसद भारत-चीन सीमा के वास्तविक हालात का पता लगाना

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, इस दौरे का मकसद भारत-चीन सीमा के वास्तविक हालात का पता लगाना है। यदि संभव हुआ तो यह दल उस स्थान पर भी जाएगा, जहां चीनी घुसपैठ हुई थी।

डोकाला पर राहुल ने सवाल भी किया था

इससे पहले विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने 31 सदस्यीय संसदीय समिति को सूचित किया था कि भूटान इस मुद्दे पर भारत के साथ मजबूती से खड़ा है। सूत्रों के मुताबिक, विचार-विमर्श के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने विदेश मंत्रालय के अफसरों से सवाल किया कि चीन के उद्देश्य और बींजिंग से टकराव के लिए डोकलाम को क्यों चुना?

राहुल ने डोकलाम के निकट चीन की व्यापक निर्माण गतिविधियों संबंधी खबरों के बारे में भी पूछा था, जिस पर अधिकारियों ने जवाब दिया था कि भारतीय क्षेत्र में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है।

73 दिनों तक रहा था गतिरोध

गौरतलब है कि चीनी सेना द्वारा विवादित ट्राई-जंक्शन में एक सड़क पर एक निर्माण गतिविधि को भारत द्वारा रोके जाने के बाद पिछले वर्ष 16 जून से सिक्किम सेक्टर में डोकाला में 73 दिनों तक भारत और चीन के सैनिकों के बीच गतिरोध बना रहा था। डोकाला को लेकर भूटान और चीन के बीच विवाद है।

TAGS: Parl panel, visit border areas, Sikkim, Arunachal, next month, Shashi Tharoor, Rahul Gandhi, Part of this Visit
OUTLOOK 01 May, 2018
Advertisement