Advertisement
29 July 2018

बारिश से बदहाल बिहार: सुशील मोदी के घर में घुसा पानी, अस्पताल में तैरती दिखीं मछलियां

अपने आवास में सुशील मोदी (बाएं), नालंदा मेडिकल कॉलेज का आईसीयू (दाएं)

देश के तमाम इलाकों में भारी बारिश ने आफत मचा रखी है। इस बार मानसून आने के बाद से जारी बारिश से 6 राज्यों में आई बाढ़ और वर्षा जनित घटनाओं में अब तक कम से कम 537 लोगों की मौत हो चुकी है।

वहीं, बिहार में बारिश की वजह से कई इलाके डूब गए हैं। यहां तक कि बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के आवास में पानी भर गया है। वह घुटनों तक पायजामा मोड़कर पानी में खड़े नजर आए।

साथ ही पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भी पानी भरा हुआ दिखाई दिया। इतना ही नहीं, अस्पताल के आईसीयू में मछलियां तैरती दिखाई दीं।

Advertisement

देखें, वीडियो-

कई राज्यों में भारी बारिश के चलते मौत

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गृह मंत्रालय के नेशनल इमरजेंसी रिस्पांस सेंटर (एनईआरसी) के अनुसार बताया है कि बाढ़ एवं बारिश के चलते महाराष्ट्र में 139, केरल में 126, पश्चिम बंगाल में 116, गुजरात में 52 और असम में 34 लोगों की मौत हुई है।

महाराष्ट्र के 26, पश्चिम बंगाल में 22, असम में 21, केरल में 14 और गुजरात में 10 जिले प्रभावित हैं। उत्तर प्रदेश का भी बड़ा हिस्सा बाढ़ एवं बारिश से प्रभावित है। 

एनईआरसी के अनुसार असम में 10.17 लाख लोग बारिश एवं बाढ़ से त्रस्त हैं, जिनमें से 2.17 लाख लोग राहत शिविरों में शरण लिये हुए हैं।

दिल्ली में बाढ़ का खतरा?

वहीं हरियाणा ने हथिनीकुंड बैराज से जो 5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा है जिससे दिल्ली में बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इमरजेंसी बैठक बुलाई। यमुना नदी खतरे के निशान से 47 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। दिल्ली सरकार ने इसके लिए एक इमरजेंसी नंबर जारी किया है। किसी भी तरह की परेशानी के लिए 1077 पर कॉल किया जा सकता है। दिल्ली के उममुख्यमंत्री ने आज यमुना किनारे रहने वाले लोगों के बीच जाकर हालात का जायजा लिया और उन्हें ऊंचे इलाकों में जाने के निर्देश दिए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Patna, Bihar, Deputy Chief Minister, Sushil Modi, rainfall in the city
OUTLOOK 29 July, 2018
Advertisement