Advertisement
07 January 2023

विमान में पेशाब मामला: दिल्ली पुलिस ने एअर इंडिया के कर्मचारियों को तलब किया

दिल्ली पुलिस ने बीते साल नवंबर में न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एक उड़ान में नशे में धुत एक यात्री द्वारा सहयात्री पर कथित तौर पर पेशाब किए जाने की घटना के संबंध में एअर इंडिया के कर्मचारियों को तलब किया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

दरअसल, मामले में पायलट और सह-पायलट समेत एअर इंडिया के कुछ कर्मचारियों को शुक्रवार को पेश होने के लिए समन जारी किया गया था, लेकिन वे पेश नहीं हुए। सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि अब उन्हें सात जनवरी को सुबह 10.30 बजे पुलिस उपायुक्त (हवाई अड्डा) के कार्यालय में तलब किया गया है।

 

Advertisement

पुलिस ने पीड़िता द्वारा एअर इंडिया से की गई शिकायत के आधार पर बुधवार को घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की थी। इसने आरोपी यात्री को पकड़ने के लिए कई टीम का गठन भी किया है।

 

आरोपी शंकर मिश्रा ने पिछले साल 26 नवंबर को एअर इंडिया की उड़ान में बिजनेस क्लास में कथित रूप से नशे की हालत में बुजुर्ग महिला सहयात्री की सीट के पास जाकर उस पर कथित तौर पर पेशाब किया था।

 

कैलिफोर्निया आधारित एक अमेरिकी बहुराष्ट्रीय वित्तीय सेवा कंपनी की भारतीय इकाई के उपाध्यक्ष मिश्रा को घटना के बाद नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।

 

पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया था कि मिश्रा को पकड़ने के लिए गठित टीम मुंबई और बेंगलुरु भेजी गई हैं।अधिकारी ने कहा था कि आरोपी का कार्यालय बेंगलुरु में है और प्राथमिक जांच में पता चला है कि वह घर से काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए छापे मार रही है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: 'Peeing' on flight, Delhi Police, summons, Air India staff
OUTLOOK 07 January, 2023
Advertisement