Advertisement
07 July 2024

राष्ट्रपति मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी, ओडिशा के मुख्यमंत्री ने रथ यात्रा के अवसर पर शुभकामनाएं दीं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा शुरू होने के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। आज देश-दुनिया के अनगिनत जगन्नाथ प्रेमी रथ पर विराजमान तीनों भगवत्स्वरूपों के दर्शन हेतु उत्साह-पूर्वक प्रतीक्षा कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस महापर्व के अवसर पर महाप्रभु श्री जगन्नाथ से मैं सभी के सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करती हूं। जय जगन्नाथ।’’

Advertisement

राष्ट्रपति मुर्मू इस समय ओडिशा में हैं और वह रविवार दोपहर पुरी में रथ यात्रा में शामिल होंगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा आरंभ होने के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पवित्र रथ यात्रा की शुरुआत पर शुभकामनाएं। हम महाप्रभु जगन्नाथ को नमन करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि उनका आशीर्वाद हम पर बना रहे।"

इसी तरह, एक वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री माझी ने इस अवसर पर ओडिशा के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से ओडिशा के सर्वांगीण विकास और सभी के सहयोग से नये समृद्ध ओडिशा के निर्माण के लिए प्रार्थना की।

ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इस अवसर पर भारत के लोगों को शुभकामनाएं दीं।

भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा भारत ही नहीं, विश्वभर में प्रसिद्ध है। पुरी के जगन्नाथ मंदिर में हर साल करोड़ों श्रद्धालु दर्शन करने और रथयात्रा में शामिल होने आते हैं। यह रथयात्रा आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर निकाली जाती है। भगवान जगन्नाथ का यह धाम देश में स्थित हिंदुओं के चार धाम में से एक है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: PM Narendra Modi, greeted the countrymen, occasion, Lord Jagannath's Rath Yatra
OUTLOOK 07 July, 2024
Advertisement